जयपुर में कांग्रेस ने ‘वोट चोरी’ के मुद्दे को लेकर चुनाव आयोग के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया। पहले शहीद स्मारक पर सभा हुई। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग के ऑफिस के लिए कूच किया। पुलिस ने बैरिकेडिंग कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोक दिया तो हल्की झड़प हो गई। पुलिस ने गहलोत-डोटासरा-जूली समेत सभी कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं पर वाटर कैनन चलाई। इसके बाद सभी नेताओं को वैन में बैठाकर विद्याधर नगर थाने ले जाया गया। पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने कहा- देश में बहुत खतरनाक खेल चल रहा है। गुंडागर्दी चल रही है। लोकतंत्र को खत्म कर रहे हैं। असम में मनमाने परिसीमन की वजह से हम साफ हो गए। विधानसभा और लोकसभा के परिसीमन में भी गड़बड़ी का प्रयास किया जा रहा है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सचेत रहना होगा, यह करो या मरो की लड़ाई है। RSS वाले भी लोकतंत्र खत्म करने में लगे हैं। कांग्रेस कार्यकर्ता लोगों के बीच जाएं। देश के हालात को समझें, लोकतंत्र बचाने में क्या योगदान दे सकते हैं, तब जाकर देश बचेगा। यह लड़ाई लोकतंत्र बचाने की है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा- सीईसी ज्ञानेश कुमार ने SIR में गड़बड़ी की, उसने लोकतंत्र को लूटने का काम किया है। जब राहुल गांधी ने कहा कि ज्ञानेश कुमार को हम जेल भेजेंगे तो सफाई दे रहे हैं। डोटासरा ने कहा- ज्ञानेश कुमार को तो चौराहे पर फांसी देनी चाहिए, उसने ऐसा कांड किया है। लोकतंत्र को लूटने का काम किया है। आज तो विरोध प्रदर्शन से शुरुआत है। कांग्रेस कार्यकर्ता लोकतंत्र की इस लूट के खिलाफ जन-जन के बीच जाकर इनकी करतूतें बताएगा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के PHOTOS… पल-पल के अपडेट के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…