करौली के रौंड कलां में राजस्थान वानिकी एवं जैव विविधता विकास परियोजना के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में किसानों को ग्राफ्टेड फलदार पौधे वितरित किए गए, जबकि स्कूलों को मुफ्त फर्नीचर दिया गया। उप वन संरक्षक ओमप्रकाश जांगिड ने बताया कि फ्रांस की एएफडी संस्था से वित्त पोषित इस परियोजना के तहत जिले में किसानों को 30 हजार ग्राफ्टेड फलदार पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे। चार साल तक मिलेगी प्रोत्साहन राशि उप वन संरक्षक जांगिड ने बताया कि किसानों को पौधों की देखभाल के लिए प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी। यह राशि किसानों के खातों में सीधे भेजी जाएगी। पहले साल प्रति पौधा 20 रुपए, दूसरे साल 25 रुपए, तीसरे साल 35 रुपए और चौथे साल 45 रुपए दिए जाएंगे। किसानों की आय बढ़ाने पर जोर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक दर्शन सिंह गुर्जर ने पौधारोपण को बढ़ावा देने के साथ किसानों की आय बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि फलदार पौधों के रोपण और उनकी उचित देखभाल से किसानों को भविष्य में अतिरिक्त आय का स्रोत मिल सकता है। स्कूलों को मुफ्त फर्नीचर, किया पौधारोपण परियोजना के तहत स्कूलों को मुफ्त फर्नीचर भी उपलब्ध कराया गया। कार्यक्रम के दौरान विधायक दर्शन सिंह गुर्जर और उप वन संरक्षक ओमप्रकाश जांगिड ने पौधारोपण किया। इस दौरान ​प्रिंसिपल दर्शन लाल गुप्ता, क्षेत्रीय वन अधिकारी पवन कुमार मीना, पूर्व सरपंच पूरण सिंह गुर्जर और पाखंडी मीणा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।