जालोर में शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिला न्यायाधीश बन्नालाल जाट के निर्देशन में आयोजित लोक अदालत में पक्षकारों के बीच समझाइश कर राजीनामे से मामलों का निपटारा किया गया। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर के निर्देशानुसार लोक अदालत का शुभारंभ जालोर के एडीआर भवन में जिला एवं सेशन न्यायाधीश बन्नालाल जाट ने किया। जिला मुख्यालय पर बैंकों सहित अन्य प्री-लिटिगेशन प्रकरणों के निस्तारण के लिए लोगों की भीड़ जुटी रही। बैंकों की ओर से बकाया राशि में छूट दिए जाने से लोगों को राहत मिली। कई पक्षकारों ने समझौते के बाद मामलों का निपटारा होने पर आभार जताया। बकाया राशि में मिली बड़ी राहत इस दौरान जिला न्यायाधीश बन्नालाल जाट, अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश डॉ. संजय गुप्ता, प्राधिकरण सचिव उमेश वीर, सीजेएम डॉ. विमल व्यास सहित न्यायिक अधिकारी, बार एसोसिएशन के पदाधिकारी, अधिवक्ता और बैंक अधिकारी मौजूद रहे। सचिव उमेश वीर ने प्रकरणों के निस्तारण में सहयोग के लिए अधिवक्ताओं, राजस्व अधिकारियों और संबंधित पक्षों का आभार जताया।