नमस्कार, राखी का त्योहार सभी के लिए खास होता है। राजनीति में भी राखी के रंग नजर आए। चुनाव आते ही कांग्रेस नेता दिव्या मदेरणा एक्टिव हो चुकी हैं। उन्होंने चिरपरिचित तेवर दिखाए। अजमेर दक्षिण से विधायक अनिता भदेल जी ने मेकअप कराने का वीडियो शेयर किया है। राजनीति और ब्यूरोक्रेसी की ऐसी ही खरी-खरी बातें पढ़िए, आज के इस एपिसोड में… 1. राजनीति में दिखे राखी के रंग एक राखी के कई रंग हैं। त्योहार हमें हमारी जड़ों से जोड़ते हैं। कभी यह राखी वह रक्षा-सूत्र है जो इंद्र को उसकी पत्नी शचि ने बांधी। कभी यह राखी दुपट्‌टे का वह अंश है जो द्रौपदी ने कृष्ण की अंगुली पर बांधी। सदियों से हम ‘येन बद्धो बलिराजा दानवेंद्र महाबल:’ जपते हुए रक्षा-सूत्र बांधते हैं और यह निश्चय करते हैं कि हम आपकी रक्षा करने का वचन देते हैं। राजसमंद के पिपलांत्री में पेड़ों के साथ मानवीय बस्ती का ऐसा रिश्ता बन गया है जिसमें हर बालिका के पास अपना भाई पेड़ है और वह उसे हर वर्ष राखी बांधती है। प्रकृति के साथ राखी का यही भाव रखना होगा। पेड़ हमारी रक्षा करेंगे। पहाड़ हमारी रक्षा करेंगे। जंगल हमारी रक्षा करेंगे। अगर हम इन्हें नष्ट करते चले गए तो प्रकृति हमारी रक्षा नहीं कर पाएगी। जैसे नेपाल में नहीं कर पाई। हमें पिपलांत्री गांव से कुछ सीखना होगा। बाकी राजनीति में भी राखी के रंग देखने को मिले। डिप्टी सीएम दीया कुमारी राखी लेकर डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा के आवास पर पहुंचीं। तिलक लगाया। राखी बांधी और मुंह मीठा कराया। उधर, कोटा के सुल्तानपुर में लोकसभा अध्यक्ष को राखी बांधने के लिए बहनों में होड़ लग गई। राखी से पहले स्पीकर महोदय ने महिला कार्यकर्ताओं के साथ भोजन भी किया। 2. दिव्या ने दिखाए तेवर दिव्या मैडम अपने तेवरों के कारण जानी जाती हैं। वे गिनी-चुनी नेताओं में से एक हैं जो अपनी भाषा, शैली और तीखे अंदाज के चलते नेशनल मीडिया पर अपनी पहचान रखती हैं। समृद्ध राजनीतिक विरासत और विदेशों में उच्च शिक्षा के बावजूद दिव्या मदेरणा गांव-गांव जाकर जब अभियान चलाती हैं तो उन्हें सुना जाता है। निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस बहुत पहले से एक्टिव नजर आ रही है। लेकिन घूम फिर कर 4 नेता दिखाई दे रहे थे। बाकी नेताओं का अता-पता नहीं था। तरकश से तीर अब निकल रहे हैं। एक्टिव होते ही ओसियां से पूर्व विधायक दिव्या मदेरणा ने लोगों को याद दिलाया कि वर्तमान में पब्लिक किन समस्याओं का सामना कर रही है और विधायक रहते कैसे मैडम ने अच्छे-अच्छों को सीधे रस्ते पर ला दिया था। 3. चलते-चलते… अजमेर दक्षिण से विधायक अनिता भदेल अपनी सादगी और सरलता के लिए जानी जाती हैं। हाल ही उन्होंने मातृशक्ति फेस्ट का आयोजन किया। आयोजन में विधायक मैडम कुछ अलग दिखीं। उनका जोश सातवें आसमान पर। कई घंटे मंच संचालन किया। पुरस्कार बांटे। फेस्ट में कई तरह के गेम खेले। डिप्टी सीएम के साथ चकरी झूला झूलीं। कार्ट में बैठकर मेला विजिट कराया। पानीपुरी खिलाई। कुल मिलाकर विधायक मैडम अलग ही अंदाज में दिखीं। कई बार मेकअप से भी मेकओवर होता है। विधायक जी ने मेकअप का वीडियो शेयर किया है साथ ही मेकअप आर्टिस्ट को धन्यवाद भी दिया है। वीडियो देखने के लिए सबसे ऊपर फोटो पर क्लिक करें। अब कल सुबह 7 बजे मुलाकात होगी।