राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (RCA) के चुनाव में पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ के बेटे पराक्रम सिंह ने सोमवार को अपने गुट के साथ नामांकन वापस ले लिया। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के बेटे पवन दिलावर भी उपाध्यक्ष पद से नाम वापस ले चुके हैं। पराक्रम सिंह ने कहा- मैंने किसी दबाव में नाम वापस नहीं लिया है। पराक्रम RCA अध्यक्ष पद के दावेदार थे। उन्होंने चुनाव लड़ने के दौरान 32 वोटों का समर्थन होने का दावा भी किया था। पराक्रम ने बृजकिशोर उपाध्याय को समर्थन दिया है। वहीं चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर के बेटे धनंजय सिंह (अध्यक्ष पद पर), सांसद घनश्याम तिवाड़ी के बेटे आशीष तिवाड़ी (कोषाध्यक्ष पद पर) और भाजपा विधायक जसवंत यादव के बेटे मोहित यादव (सचिव और उपाध्यक्ष पद पर) चुनाव लड़ रहे हैं। ऐसे में RCA का चुनाव अब राजनीतिक रस्साकशी और बदलते समर्थन के बीच दिलचस्प होता जा रहा है। आरसीए चुनाव में 29 सितंबर को सुबह 11.30 से दोपहर 1.30 बजे तक वोटिंग होगी। इसके बाद काउंटिंग और रिजल्ट आएगा। आरसीए में दिसंबर 2022 में पूर्व सीएम अशोक गहलोत के बेटे वैभव गहलोत निर्विरोध अध्यक्ष बने थे। इसके बाद फरवरी 2024 में इस्तीफा दिया था। पहले देखिए किनके बीच होगा मुकाबला… पराक्रम बोले- अध्यक्ष बनना चाहता था पराक्रम सिंह ने कहा- जब मैंने चुनाव लड़ने का फैसला किया था, तब मेरे पास 32 वोटों का समर्थन था। संख्या बल के लिहाज से मेरा गुट मजबूत स्थिति में था। मैं खुद RCA का अध्यक्ष बनना चाहता था। मेरे साथियों ने भी अलग-अलग पदों के लिए नामांकन दाखिल किए थे। सरकार के स्तर पर अलग फैसला हुआ। सरकार ने बृजकिशोर उपाध्याय को अध्यक्ष बनाने और उनके साथियों को छह सदस्यीय कार्यकारिणी में जगह देने का निर्णय लिया। इसके बाद मैंने सरकार के फैसले का समर्थन करते हुए अपने गुट के साथ नामांकन वापस लेने का निर्णय किया। RCA चुनाव में पराक्रम सिंह के गुट के कार्यकारी सदस्य पद के लिए मैदान में उतरे धर्मवीर शेखावत ने अभी अपना नाम वापस नहीं लिया है। पार्टी के खिलाफ जाना संस्कारों में नहीं पराक्रम सिंह ने कहा- मेरे संस्कार मुझे पार्टी के खिलाफ जाने का फैसला करने की अनुमति नहीं देते। इसलिए मैंने बृजकिशोर उपाध्याय के नेतृत्व में नाम वापस लेने का निर्णय किया। पराक्रम सिंह ने कहा- मुझे उम्मीद ही नहीं, बल्कि पूरा विश्वास है कि बृजकिशोर उपाध्याय RCA के लिए अच्छा काम करेंगे। मंत्रियों और नेताओं के बेटों पर टिकी नजर RCA चुनाव में अब सबकी नजर नेता पुत्रों पर टिकी है। चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर के बेटे धनंजय सिंह, सांसद घनश्याम तिवाड़ी के बेटे आशीष तिवाड़ी और भाजपा विधायक जसवंत यादव के बेटे मोहित यादव चुनाव मैदान में है। दीनदयाल बोले- चुनाव को रद्द कराकर ही लूंगा दम RCA एडहॉक कमेटी के पूर्व कन्वीनर दीनदयाल कुमावत ने अध्यक्ष पद से नामांकन पत्र वापस ले लिया है। कुमावत ने कहा- चुनाव अधिकारी पूरी तरह से गड़बड़ी कर रहे हैं। जिन जिलों को एनुअल जनरल बॉडी (AGM) की मीटिंग ने सस्पेंड कर दिया। उन्हें वोटिंग राइट दिया गया है, जो पूरी तरह नियमों के विपरीत है। इस मामले को लेकर मैं सुप्रीम कोर्ट तक कानूनी लड़ाई लड़ूंगा। इस चुनाव को रद्द करवा कर ही दम लूंगा, क्योंकि यह चुनाव नियमों के विपरीत लोकतंत्र के खिलाफ हैं। ….. ये खबर भी पढ़ें… RCA चुनाव में 5-नेताओं के बेटों की एंट्री:पूर्व और वर्तमान चिकित्सा मंत्री के बेटों ने अध्यक्ष, शिक्षामंत्री के बेटे ने उपाध्यक्ष के लिए भरा नामांकन