पेपर लीक के कारण रद्द हुई 2021- SI भर्ती परीक्षा रविवार को अजमेर सहित प्रदेश के 11 जिलों में दोबारा होगी। परीक्षा में 2 लाख 18 हजार 131 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा दो पारियों में, सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक और दोपहर 03:00 बजे से शाम 05:00 बजे होगी। इस बार अभ्यर्थियों को ओएमआर (OMR ) शीट में पांचवां विकल्प (अनुत्तरित प्रश्न) भरना अनिवार्य किया गया है। परीक्षा के दौरान डिबार किए गए अभ्यर्थियों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। आयोग अध्यक्ष ले. कर्नल केसरी सिंह ने अधिकारियों को परीक्षा की गोपनीयता बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। 11 जिलों में 666 परीक्षा केंद्र परीक्षा के लिए प्रदेश के 11 जिलों में कुल 666 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जयपुर में सबसे ज्यादा 187 सेंटर हैं। परीक्षा दो पारियों में होगी। पहली पारी में सामान्य हिंदी का पेपर होगा, जबकि दूसरी पारी में सामान्य ज्ञान व सामान्य विज्ञान की परीक्षा ली जाएगी। OMR शीट में 5वां विकल्प भरना होगा अनिवार्य वर्तमान नियमानुसार, इस बार अभ्यर्थियों के लिए ओएमआर शीट में पांचवां विकल्प (अनुत्तरित प्रश्न) भरना अनिवार्य कर दिया गया है। अगर अभ्यर्थी किसी प्रश्न का उत्तर नहीं देना चाहता है, तो उसे यह 5वां गोला आवश्यक रूप से भरना होगा। इस कार्य को पूरा करने के लिए प्रत्येक पेपर में 10 मिनट का अतिरिक्त समय भी दिया जाएगा। आयोग ने इस संबंध में अपनी वेबसाइट पर शुद्धि पत्र भी जारी किया है। डिबार किए गए अभ्यर्थियों पर होगी नजर परीक्षा में डमी अभ्यर्थी रोकने के लिए इस बार पहचान सत्यापन की बहुस्तरीय व्यवस्था की गई है। केंद्रों पर अभ्यर्थियों के चेहरे का फेस रिकग्निशन, थंब इंप्रेशन और बायोमैट्रिक ऑथेंटिकेशन से मिलान किया जाएगा। प्रवेश के दौरान एचएचएमडी (हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर) से जांच भी होगी। मेटा ग्लासेस, ब्लूटूथ डिवाइस सहित हाईटेक उपकरणों पर विशेष नजर रहेगी। परीक्षा केंद्रों पर पुलिस और प्रशासन की निगरानी के साथ वीडियोग्राफी भी की जाएगी। डिबार किए गए अभ्यर्थियों पर एसओजी और एटीएस की विशेष निगरानी रहेगी। किसी भी गलत गतिविधि, फर्जीवाड़े या डमी अभ्यर्थी को बैठाने के प्रयास पर राजस्थान सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम-2022 के तहत कार्रवाई की जाएगी। पिछली भर्ती में 7 लाख 97 हजार कैंडिडेट ने किया था आवेदन परीक्षा-2021 का विज्ञापन 3 फरवरी 2021 को जारी किया गया था। भर्ती के लिए पहले हुई परीक्षा में 7 लाख 97 हजार अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। इनमें से 3 लाख 83 हजार 97 अभ्यर्थी पिछली परीक्षा (13 से 15 सितंबर 2021) में शामिल हुए थे। पेपर लीक के कारण परीक्षा रद्द कर दी गई थी। री-एग्जाम कराने का निर्णय लिया गया, तब 8 मई 2025 को पहले केवल परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को ही मौका दिया गया था। बाद में सभी अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होने की छूट दी गई है।