अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ राजस्थान ने शिक्षकों-कर्मचारियों के रुके वित्तीय भुगतान जल्द कराने की मांग की। महासंघ के प्रदेश महामंत्री महेंद्र कुमार लखारा ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को लेटर लिखकर समय पर भुगतान सुनिश्चित करने का आग्रह किया। महासंघ ने बताया कि वेतन से जीपीएफ-एसआई की नियमित कटौती होती है। पर, जरूरत पर जीपीएफ-एसआई लोन का भुगतान समय पर नहीं मिल पाता। ग्रेच्युटी, समर्पित अवकाश भुगतान और एरियर जैसे लाभों में भी महीनों की देरी हो रही है। महासंघ ने सरकार से लंबित मामलों को जल्द निपटाने की मांग की। जीपीएफ, एसआई लोन, समर्पित अवकाश भुगतान, एरियर व सेवानिवृत्ति के बाद के लाभों का समय पर भुगतान सुनिश्चित हो। इससे कर्मचारियों को आर्थिक परेशानी से राहत मिलेगी। जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम शर्मा ने कहा कि वर्षों की सेवा के बाद मिलने वाले वित्तीय लाभ कर्मचारियों का अधिकार। इनका समय पर भुगतान होने से सरकार के प्रति विश्वास बढ़ेगा, सकारात्मक माहौल बनेगा। महासंघ ने सरकार से जल्द कार्रवाई की उम्मीद जताई।