राजस्थान एसओजी ने महिला सुपरवाइजर भर्ती-2018 परीक्षा में का पेपर 5 लाख रुपए में खरीद कर नकल कराने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। महिला अभ्यर्थी को पहले गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोपी ने पेपरलीक गैंग से 5 लाख रुपए में पेपर खरीद कर ब्लूटूथ डिवाइस के जरिए अपने रिश्तेदार को नकल करवाई थी। इस मामले में अब तक 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोपी मनीष गिला (32) बिश्नोइयों का बास, जाखणिया रोड, थाना श्रीबालाजी, जिला नागौर का मूल निवासी है, वर्तमान में पीथरासर, थाना पांचू, जिला बीकानेर में रहता है। आरोपी ने पेपर लीक करने वाली गैंग के सदस्य पौरव कालेर से 5 लाख रुपए में प्रश्नपत्र खरीदा था। इसके बाद अपनी रिश्तेदार मंजू कुमारी बिश्नोई को ब्लूटूथ डिवाइस के जरिए परीक्षा में नकल करवाई थी। एडीजी एसओजी विशाल बंसल ने बताया कि 6 जनवरी 2019 को आयोजित महिला सुपरवाइजर सीधी भर्ती परीक्षा में संगठित पेपर लीक गैंग ने धांधली की थी। आरोपी मनीष को बीकानेर के पीथरासर से शनिवार को गिरफ्तार किया गया। ब्लूटूथ डिवाइस से अभ्यर्थियों को कराए थे उत्तर आईजी अजयपाल लांबा ने बताया कि लीक हुए प्रश्नपत्र को गैंग के सदस्यों ने हल किया था। इसके बाद परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों को ब्लूटूथ डिवाइस की मदद से उत्तर बताए गए। एसओजी ने इस पेपर लीक के संबंध में थाना एसओजी जयपुर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। इसी मामले में अब मनीष गिला की गिरफ्तारी हुई है। एसओजी के मुताबिक, इस मामले में अब तक 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें पेपर लीक करने वाली संगठित कालेर गैंग के 8 सदस्य और 6 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं। जांच एजेंसी पेपर लीक में शामिल अन्य लोगों और प्रश्नपत्र के जरिए लाभ लेने वाले अभ्यर्थियों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है। --------- ये खबर भी पढ़िए… नकल गैंग का सरगना गिरफ्तार:पटवार परीक्षा में इलेक्ट्रानिक डिवाइस से नकल करवाने वाली गैंग का सरगना पौरव कालेर गिरफ्तार, चाचा तुलछाराम REET नकल में हैं अंदर पटवारी भर्ती परीक्षा 2021 में नकल गैंग चलाने वाले पौरव कालेर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पौरव के चाचा तुलछाराम कालेर और पत्नी REET में चप्पल से नकल के मामले में पहले गिरफ्तार किया जा चुका है। काफी समय से फरार चल रहे पौरव को पुलिस अधीक्षक की डीएसटी टीम ने जोधपुर से गिरफ्तार किया। (पूरी खबर पढ़ें…)