श्रीनिवास सोनी निकाय चुनाव को लेकर बुधवार को हुए मतदान में राजगढ़ के 40 वार्डों के कुल 46,782 मतदाताओं में से 36,491 ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। कुल मतदान प्रतिशत 78 फीसदी रहा। वर्ष 2019 के मुकाबले इस बार मतदान में 2.61 फीसदी की गिरावट दर्ज हुई है। 2019 में 80.61 प्रतिशत मतदान हुआ था। इससे पहले 2014 में 81, 2009 में 75.25 और 2004 में 77.03 प्रतिशत मतदान हुआ था। इस बार वार्ड 38 में सबसे अधिक 85.10 फीसदी मतदान हुआ। यहां 839 मतदाताओं में से 714 ने वोट डाला। वार्ड 39 में 83.87 प्रतिशत मतदान हुआ, जहां 1,091 में से 915 मतदाताओं ने मतदान किया। वार्ड 8 में सबसे कम 65.58 फीसदी मतदान हुआ। यहां 1319 मतदाताओं में से 865 ने ही मतदान किया। शहर के सबसे अधिक मतदान वाले वार्ड 38 और सबसे कम मतदान वाले वार्ड आठ के बीच 19.52% का अंतर रहा। भाजपा से चेयरमैन रहे बैरासरिया ने इस बार कांग्रेस से चुनाव लड़ा : वार्ड तीन और 13 में 10-10 उम्मीदवार मैदान में हैं। दोनों वार्डों में भाजपा, कांग्रेस और बसपा के अलावा 7-7 निर्दलीयों ने चुनाव लड़ा। चुनाव में कई चर्चित चेहरों की प्रतिष्ठा दांव पर है। वर्ष 2014 से 2019 तक भाजपा से चेयरमैन रहे जगदीश बैरासरिया इस बार वार्ड 18 से कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ा है। उनकी पुत्रवधू नैनिका वार्ड 31 से कांग्रेस उम्मीदवार है। वहीं वर्ष 2009 में कांग्रेस की ओर से चेयरमैन पद के उम्मीदवार रहे लाल मोहम्मद भियाणी इस बार वार्ड 16 से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में उतरे। इस बार कई वार्डों के परिणाम खासे रोचक रहने वाले हैं। वार्ड 10 में भाजपा के राकेश पूनिया और कांग्रेस के प्रकाश के बीच सीधा मुकाबला है। वार्ड 21 में कांग्रेस के नियाज मोहम्मद और निर्दलीय मोहम्मद इरशाद आमने-सामने हैं। ऐसे में इन वार्डों में जीत का अंतर कितना रहता है, इस पर सभी की निगाहें रहेंगी। वार्ड चार में भाजपा के ज्ञानप्रकाश, बसपा के हेमंत और निर्दलीय ललित कुमार के बीच मुकाबला है। वार्ड 14 में भाजपा के अनुराग पूनिया, कांग्रेस के सुरेंद्र कुमार और निर्दलीय प्रदीप कुमार मैदान में हैं। वार्ड 35 में भाजपा के राजेंद्र कुमार, कांग्रेस के सुनील कुमार और निर्दलीय भागीरथ के बीच कड़ा मुकाबला है। वहीं वार्ड 40 में कांग्रेस की अंजू देवी तथा निर्दलीय बनारसी और सीमा के बीच त्रिकोणीय संघर्ष है। राजगढ़ नगर पालिका चुनाव में महिलाओं ने मतदान में दमदार भागीदारी निभाई। कुल 22,850 महिला मतदाताओं में से 18,560 ने मतदान किया, जिससे महिला मतदान प्रतिशत 81.23% रहा, वहीं 23,931 पुरुष मतदाताओं में से 17,931 ने वोट डाला और पुरुष मतदान प्रतिशत 74.93% रहा। महिलाओं ने पुरुषों की तुलना में 6.30% अधिक मतदान किया। कई वार्डों में महिलाओं ने 80 प्रतिशत से अधिक मतदान किया। वार्ड 2 में 81.19, वार्ड सात में 80.66, वार्ड 11 में 80.62, वार्ड 12 में 84.73, वार्ड 21 में 85.81, वार्ड 23 में 87.96, वार्ड 24 में 90.28, वार्ड 25 में 86.62, वार्ड 26 में 85.08, वार्ड 28 में 87.16, वार्ड 29 में 88.15, वार्ड 37 में 86.53 और वार्ड 40 में 85.40 फीसदी महिलाओं ने मतदान किया। महिला मतदान में वार्ड 39 सबसे आगे रहा, जहां रिकॉर्ड 94.71 प्रतिशत महिला मतदाताओं ने मतदान किया। खास बात यह रही कि यहां पुरुषों का मतदान प्रतिशत 73.67% रहा। वार्ड 20 में भी 94.40 प्रतिशत महिलाओं ने मतदान किया, जबकि पुरुष मतदान 71.21 प्रतिशत रहा। इसी तरह वार्ड 22 में 93.88 प्रतिशत महिलाओं ने वोट डाला, जबकि पुरुषों का मतदान 69.46 प्रतिशत रहा है।