राजसमंद के सेठ रंगलाल कोठारी राजकीय महाविद्यालय में पुलिस की ओर से चलाए जा रहे ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम हुआ। इस दौरान ‘नशे के विरुद्ध महायुद्ध’ नुक्कड़ नाटक का मंचन कर विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया। महाविद्यालय प्राचार्य सुमन बड़ोला के अनुसार कलेक्टर अरुण कुमार हसीजा, जिला पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेंद्र पारीक के मार्गदर्शन में नशामुक्त भारत अभियान और ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। नाटक का निर्देशन जाह्नवी कला परिषद के अध्यक्ष मनोज पोरवाड़ ने किया। नई किरण नशा मुक्ति केंद्र की सलाहकार डॉ. विभा शर्मा और केंद्र प्रभारी विजयलक्ष्मी चारण के समन्वय से हुए प्रस्तुति में कलाकारों ने नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, आर्थिक और सामाजिक नुकसान को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। कलाकारों ने युवाओं से नशे से दूर रहने और नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री और तस्करी की सूचना पुलिस को देने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य ने स्टूडेंटस, एनएसएस स्वयंसेवकों और संकाय सदस्यों को नशे से दूर रहने और परिवार और समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ दिलाई।