राजसमंद में पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव के तहत शनिवार को पंचायत समिति राजसमंद में प्रत्याशियों के लिए कार्यक्रम हुआ। इसमें कार्यक्रम में रिटर्निंग अधिकारी और एसडीएम ओम प्रभा ने प्रत्याशियों को नाम निर्देशन पत्र भरने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, शपथ पत्र और नामांकन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी। ओम प्रभा ने बताया- पंचायत समिति राजसमंद में पंचायत समिति सदस्यों के 25 वार्ड, 44 ग्राम पंचायतों में सरपंच और 424 वार्ड पंचों के लिए चुनाव होंगे। क्षेत्र में कुल 1 लाख 31 हजार 877 मतदाता हैं, जिनमें 1762 दिव्यांग मतदाता शामिल हैं। मतदान के लिए 153 केंद्र बनाए गए हैं। उन्होंने प्रत्याशियों को नाम निर्देशन पत्र में नाम, पिता का नाम, पता, पंचायत, वार्ड संख्या और मतदाता सूची की क्रम संख्या सही दर्ज करने के निर्देश दिए। प्रस्तावक का विवरण और हस्ताक्षर भी निर्धारित स्थान पर करने तथा कोई कॉलम खाली नहीं छोड़ने की जानकारी दी गई। प्रत्याशियों को 50 रुपए के नॉन-ज्यूडिशियल स्टाम्प पर शपथ पत्र, प्ररूप 4घ, सांख्यिकी फॉर्म, दो फोटो, स्वच्छ शौचालय संबंधी घोषणा और निर्वाचन अभिकर्ता का निर्धारित फॉर्म जमा कराने की जानकारी दी गई। उन्होंने सभी प्रत्याशियों से नामांकन से पहले दस्तावेजों की जांच कर राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों की पालना की अपील की।