रामगढ़ पचवारा| राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय नापाकावास में आयोजित 37वीं जिला स्तरीय, दो दिवसीय शिक्षक खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता का गुरुवार को समापन हुआ। प्रतियोगिता के दूसरे दिन शिक्षकों ने विभिन्न खेल व सांस्कृतिक स्पर्धाओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। कबड्डी प्रतियोगिता में रामगढ़ पचवारा की टीम विजेता रही। लालसोट की टीम उपविजेता रही। समापन समारोह में संयोजक नवीन शर्मा सुकार ने मुख्य अतिथि अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी (शारीरिक शिक्षा) कमलेश जाखड़ व विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ शारीरिक शिक्षक फूलचंद बैरवा का माला व साफा पहनाकर स्वागत किया। मुख्य अतिथि कमलेश जाखड़ ने कहा कि खेलों का महत्व केवल शारीरिक विकास तक सीमित नहीं है। खेलों से मानसिक विकास, अनुशासन, टीम भावना, आपसी सहयोग की भावना भी विकसित होती है। प्रतियोगिता के दूसरे दिन कबड्डी, सुगम संगीत, सामूहिक गायन व एकल अभिनय सहित विभिन्न खेल व सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं हुईं। शिक्षकों ने खेल प्रतिभा के साथ सांस्कृतिक हुनर का भी प्रदर्शन किया। पूर्व अध्यक्ष (शारीरिक शिक्षा) दिनेश शर्मा डाबरा व योगेश सिंह डोबर ने प्रतियोगिताओं के परिणामों की जानकारी दी। जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता प्रभारी सतीश सैन (रामगढ़) व सह-प्रभारी राजेश कुमार गुर्जर ने आयोजन में सहयोग करने वाले शिक्षकों व व्यवस्थापकों का आभार जताया। समापन समारोह में गोविंद सहाय शर्मा, विनय शर्मा, गन्नी मोहम्मद, हरिओम सैन, शारीरिक शिक्षक नवनीत शुक्ला, उमाशंकर शर्मा, हितेश पारीक, कमलेश सैनी, विशाल मीना, गिर्राज प्रसाद शर्मा, श्रवण लाल बैरवा, अभिषेक शर्मा, विनोद राजस्थानी सहित बड़ी संख्या में शिक्षक व प्रतिभागी मौजूद रहे।