सवाई माधोपुर में 3 महीने के मानसून ब्रेक के बाद गुरुवार को रणथंभौर नेशनल पार्क के गेट पर्यटकों के लिए खोल दिए गए। नए पर्यटन सीजन के पहले दिन गणेश धाम स्थित मुख्य गेट पर उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। वन विभाग की ओर से देशी-विदेशी पर्यटकों का राजस्थानी परंपरा के अनुसार तिलक लगाकर स्वागत किया गया। मुख्य गेट को आकर्षक रंगोली से सजाया गया। वहीं लोक कलाकारों ने राजस्थानी लोक नृत्य की प्रस्तुतियों से पर्यटकों का स्वागत किया। लोक कलाकारों ने दी प्रस्तुति इस दौरान लोक कलाकारों ने राजस्थानी लोक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर पर्यटकों का स्वागत किया। गाजे-बाजे और लोक संगीत के बीच पर्यटक वाहनों को रणथंभौर के जंगल भ्रमण के लिए रवाना किया गया। पर्यटन सीजन के शुभारंभ पर जिला कलेक्टर कानाराम, सीसीएफ शारदा प्रताप सिंह, डीएफओ प्रथम मानस सिंह और पर्यटन डीएफओ संजीव शर्मा ने पर्यटक वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। अधिकारियों ने पर्यटकों का तिलक लगाकर अभिनंदन किया और उन्हें रणथंभौर भ्रमण की शुभकामनाएं दीं। पहले दिन बड़ी संख्या में पहुंचे पर्यटक तीन महीने बाद पार्क खुलने को लेकर पर्यटकों में खासा उत्साह देखने को मिला। पर्यटन सीजन के पहले ही दिन पहली पारी में बड़ी संख्या में देशी-विदेशी पर्यटक रणथंभौर की प्राकृतिक सुंदरता, जंगल की हरियाली और वन्यजीवों को करीब से देखने पहुंचे। बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे भी रणथंभौर भ्रमण के लिए पहुंचे। पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं देने पर जोर सीसीएफ शारदा प्रताप सिंह और जिला कलेक्टर कानाराम ने कहा कि नए पर्यटन सीजन को लेकर पर्यटकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि पर्यटन के दौरान पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही वन क्षेत्र में निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा। गणेश धाम मुख्य द्वार पर हुए स्वागत समारोह के साथ रणथंभौर का नया पर्यटन सत्र शुरू हो गया। बाघ समेत अन्य वन्यजीवों के दीदार की उम्मीद लेकर पहुंचे पर्यटकों के उत्साह से पहले दिन ही पार्क में रौनक नजर आई।