सवाई माधोपुर के रणथंभौर टाइगर रिजर्व में नए टूरिज्म सीजन की शुरुआत से पहले ईडीसी और नेचर गाइडों की इंटरव्यू प्रक्रिया शुरू की गई है। सोमवार और मंगलवार को दो दिन तक गाइड्स के इंटरव्यू लेकर उनकी स्किल्स और वन्यजीव संबंधी जानकारी का आकलन किया गया। इंटरव्यू प्रक्रिया पूरी होने के बाद गाइडों की ग्रेड अपडेशन की जाएगी। 280 गाइड्स का इंटरव्यू के बाद होगा ग्रेड अपडेशन रणथंभौर टाइगर रिजर्व के सीसीएफ शारदा प्रताप सिंह ने बताया कि रणथंभौर में कुल 280 ईडीसी और नेचर गाइड कार्यरत हैं। गाइडों की जानकारी, कार्यकुशलता और अन्य जरूरी क्षमताओं की जांच के लिए हर साल इंटरव्यू आयोजित किए जाते हैं। इसी प्रक्रिया के तहत इस बार भी दो दिन तक गाइडों के इंटरव्यू लिए गए। 157 गाइडों को ए ग्रेड और 123 गाइडों को बी ग्रेड दी जाएगी इंटरव्यू के दौरान गाइडों से रणथंभौर की वाइल्ड लाइफ, यहां पाए जाने वाले वन्यजीवों और उनके व्यवहार से जुड़े सवाल पूछे गए। इसके साथ ही पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर गाइड की समझ, पर्यटकों को जानकारी देने का तरीका और भाषा का ज्ञान भी जांचा गया। इंटरव्यू में प्रदर्शन के आधार पर गाइडों की ग्रेड तय की जाएगी। सीसीएफ ने बताया कि इस प्रक्रिया के बाद 157 गाइडों को ए ग्रेड और 123 गाइडों को बी ग्रेड दिए जाने की प्रक्रिया होगी। ग्रेड अपडेशन का उद्देश्य गाइडों की दक्षता के अनुसार उनकी श्रेणी निर्धारित करना है, ताकि रणथंभौर आने वाले पर्यटकों को बेहतर जानकारी और सुरक्षित सफारी अनुभव मिल सके।