रावतभाटा में कांग्रेस प्रत्याशी की ज्वेलरी शॉप से एक बादमाश ने ढाई लाख के गहने पार कर लिए। कांग्रेस प्रत्याशी दुकान मालिक सोमवार शाम प्रचार में लगे थे। इस दौरान एक युवक ग्राहक बनकर दुकान में आया और कर्मचारियों को गहने दिखाने के बहाने बातों में उलझाए रखा। मौका देखते ही बदमाश गहने लेकर दुकान से फरार हो गया। घटना दुकान में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। पहले देखें घटना से जुड़ी PHOTOS गहने देखने के बहाने उलझाया जानकारी के अनुसार सागर ज्वेलर्स पर शाम करीब 6:45 बजे एक युवक ग्राहक बनकर पहुंचा। उसने पहले चांदी की चेन दिखाने को कहा। दुकान पर मौजूद कर्मचारी नरेंद्र और शाकिर उसे गहने दिखाने लगे। इसी दौरान नरेंद्र एक अन्य ग्राहक को बाली पहनाने में व्यस्त हो गया। युवक ने इसी मौके का फायदा उठाया और करीब 250 ग्राम वजन की दो चांदी की चेन चुपके से अपनी जेब में रख लीं। इसके बाद युवक ने सोने की चेन दिखाने को कहा। कर्मचारी शाकिर उसे सोने की चेन दिखाने लगे। इसी दौरान युवक ने करीब 12 ग्राम वजन की एक सोने की चेन हाथ में ली और अचानक दुकान से बाहर भाग गया। कर्मचारियों ने शोर मचाते हुए उसका पीछा किया, लेकिन वह बाजार से बाहर निकलने में सफल रहा। दुकान पर काम करने वाले कारीगर शागिर मोहम्मद ने बताया - युवक शाम को दुकान में आया। उसने सोने ओर चांदी की कई चेन, कड़ा ओर ब्रेसलेट देखे। मगर उसे किसी का डिजाइन पसंद नही आया। इसके बाद वह तुरंत उठा और सीढ़ियों से नीचे उतरकर रवाना हो गया। जब हमने सामान का वजन किया तो पता चला कि 2 चांदी और एक सोने की चेन गायब है। हमने दुकान से बाहर आकर देखा तो आरोपी भाग चुका था। चुनाव प्रचार छोड़कर दुकान पहुंचे प्रत्याशी घटना के समय दुकान के मालिक और वार्ड पार्षद पद के कांग्रेस प्रत्याशी राशिद सागर चुनाव प्रचार में जुटे हुए थे। चोरी की जानकारी मिलते ही वे प्रचार छोड़कर तत्काल दुकान पहुंचे। दुकान के CCTV फुटेज खंगालने पर युवक की गतिविधियां सामने आईं और चांदी की दो चेन तथा सोने की चेन ले जाने की पुष्टि हुई। घटना की सूचना मिलने पर थानाधिकारी संजीव स्वामी ने मौके पर पहुंचे। थानाधिकारी ने बताया - दुकान के अंदर और बाहर लगे सीसीटीवी के आधार पर बदमाश की तलाश की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।