रावतभाटा के श्रीपुरा गांव के पास झरने में नहाने के दौरान डूबे युवक का शव रविवार सुबह बरामद कर लिया गया। गोताखोरों ने सुबह करीब 8 बजे 30 फीट गहरे भंवर में फंसा शव बाहर निकाला। हादसा शनिवार शाम करीब 6:10 बजे हुआ था। स्थानीय गोताखोर लाला कहार ने बताया - सुबह बचाव टीम ने पानी के गहरे हिस्से में तलाश शुरू की थी। करीब 30 फीट गहरे भंवर में शव मिला। ट्यूब की मदद से गोताखोर पानी में उतरे और काफी कोशिशों के बाद शव को बाहर निकाला गया। जानकारी के अनुसार शनिवार शाम 6 बजे कासिम (22) अपने 4 दोस्तों के साथ झरने में नहाने गया था। तैरते हुए युवक गहरे पानी में चला गया। दोस्तों ने युवक को बचाने की कोशिश की, लेकिन तैरना नहीं आने के चलते युवक को बचा नहीं सके। देर रात तक सिविल डिफेंस की टीम और ग्रामीणों ने युवक की तलाश की, लेकिन असफल रहे। शनिवार रात से रेस्क्यू चला देर रात तक तलाश के बाद बचाव अभियान रोक दिया गया था। रविवार सुबह करीब 5 बजे स्थानीय गोताखोरों और सिविल डिफेंस टीम ने फिर से तलाश शुरू की। सूचना मिलने पर भैंसरोड़गढ़ पुलिस मौके पर पहुंची थी। करीब 20 ग्रामीणों ने भी पानी में उतरकर देर रात तक कासिम को ढूंढा, लेकिन अंधेरा होने के कारण बचाव कार्य में दिक्कत आई। रावतभाटा और भैंसरोड़गढ़ पुलिस ने सिविल डिफेंस को भी खबर दी थी। रविवार सुबह पुलिस प्रशासन, ग्रामीण और बचाव टीम मौके पर मौजूद रही। दोस्तों को नहीं आता था तैरना कासिम अपने चार दोस्तों के साथ श्रीपुरा के पास झरने पर नहाने गया था। जानकारी के मुताबिक, कासिम को तैरना आता था, जबकि उसके चारों दोस्तों को तैरना नहीं आता था। नहाते समय वह तैरते हुए गहरे पानी की तरफ चला गया और डूबने लगा। उसने अपने दोस्त रेहान अंसारी को बचाने के लिए आगे आने से भी मना कर दिया था। इसके बाद वह गहरे पानी में चला गया और दिखाई नहीं दिया। परिजनों के मुताबिक, कासिम छात्र था। उसके पिता इम्तियाज हुसैन किसान हैं और अंजुमन कमेटी में कैशियर भी हैं। कासिम अपनी दो बड़ी बहनों का सबसे छोटा भाई था। परिजनों ने यह भी बताया कि उसे तैरना आता था, लेकिन उसे सांस लेने में भी दिक्कत थी। हालांकि, डूबने की असली वजह जांच के बाद ही पता चलेगी। पुलिस की मौजूदगी में शव को अस्पताल ले जाया जा रहा है। पोस्टमॉर्टम और आगे की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।