झालावाड़ में भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने वित्तीय समावेशन, सुरक्षित डिजिटल भुगतान और असली नोटों की पहचान पर एक टाउन हॉल मीटिंग की। यह बैठक कोटा रोड स्थित एक होटल में हुई। इसमें जिले के बैंक अधिकारी, स्वयं सहायता समूह (SHG) और उद्यमी शामिल हुए। RBI के उप महाप्रबंधक राव क्षितिजराज सिंह, लीड जिला अधिकारी निहार शर्मा, नाबार्ड के वासुदेव मीणा, सेंट्रल बैंक के गौरव त्यागी और अग्रणी जिला प्रबंधक महेश सिसोदिया जैसे अधिकारी मौजूद रहे। राव क्षितिजराज सिंह ने झालावाड़ में विकास की संभावनाओं पर बात की। अधिकारियों ने बैंकिंग लोकपाल व्यवस्था, कटे-फटे नोट बदलने की प्रक्रिया, सुरक्षित डिजिटल लेनदेन और साइबर सुरक्षा के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने डिजिटल बैंकिंग के दौरान सावधानी बरतने और साइबर धोखाधड़ी से बचने के उपाय भी बताए।