उदयपुर के गांधी ग्राउंड (महाराणा भूपाल स्टेडियम) में मंगलवार को विजयादशमी पर्व पर रावण दहन हुआ। इस दौरान हनुमानजी ने 100 फीट की सोने की लंका में आग लगाई। लंका दहन का दृश्य लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा। 70 फीट ऊंचे रावण और 65-65 फीट के मेघनाद व कुंभकरण के पुतले जलाए गए। भगवान राम ने तीर चलाकर पुतलों का दहन किया। कुम्भकरण का पुतला शुरू में जलते हुए रुका तो उसे वापस जलाया गया। तीनों पुतलों के एक-एक कर जलते ही तेज धमाके के साथ पटाखे फूटने लगे। तभी पूरे ग्राउंड में जय श्री राम के जयकारे गूंज उठे। चारों तरफ लोगों की खचाखच भीड़ थी। इससे पहले शोभायात्रा ​यात्रा निकाली गई, जो शहर में होते हुए गांधी ग्राउंड पहुंची। शोभायात्रा में भगवान राम-लक्ष्मण, हनुमान की आकर्षक झांकियां थी। हनुमानजी ने पूंछ से लगाई 100 फीट लंबी लंका में आग गांधी ग्राउंड में 100 फीट लंबी सोने की लंका का स्वरूप बनाया गया। रावण दहन से पहले पहले भगवन हनुमान स्वरूप धारण किए व्यक्ति ने अपनी पूंछ से लंका में आग लगाई। धीरे-धीरे धमाके के साथ पूरी लंका जल गई। इससे पहले करीब 15 मिनट तक लगातार आतिशबाजी की गई। आसमान में तरह-तरह रॉकेट की गूंज ने सभी को खासा आकर्षित किया। दशहरा पर्व को लेकर गांधी ग्राउंड के आसपास ट्रैफिक व्यवस्था बदली गई थी। भीड़ को देखते हुए पुलिस ने शाम 4 बजे से ही चेतक सर्कल, कोर्ट चौराहा, हाथीपोल और लोककला मंडल रूट पर ट्रैफिक डायवर्ट कर पार्किंग तय की थी।