भास्कर न्यूज| जैसलमेर दादा जिन कुशल सूरि ट्रस्ट ब्रह्मसर के तत्वावधान में कुशल कल्पतरु वर्षावास के दौरान भादवा सुदी पूर्णिमा पर विविध धार्मिक अनुष्ठान श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुए। खरतरगच्छाचार्य जिन मनोज्ञ सूरीश्वर महाराज के सानिध्य में आयोजित कार्यक्रमों में विभिन्न क्षेत्रों से आए सकल संघों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रवक्ता पवन कोठारी ने बताया कि ब्रह्मसर तीर्थ में उपधान तप की कठिन साधना में लीन तपस्वियों ने राय प्रतिक्रमण किया। कुशल दर्शन मित्र मंडल बाड़मेर एवं जिन कुशल युवा मंडल जैसलमेर की ओर से बसों के जरिए जातरुओं को तीर्थ यात्रा करवाई गई। आयोजन के तहत लौद्रवपुर तीर्थ में चिंतामणि पार्श्वनाथ भगवान तथा ब्रह्मसर तीर्थ में विमलनाथ भगवान व दादा गुरुदेव की अष्टप्रकारी पूजा की गई। आचार्य भगवंत, मुनि नयज्ञ सागर के सानिध्य में दादा गुरुदेव की बड़ी पूजा का वाचन हुआ। आचार्य भगवंत ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि चातुर्मास में भक्तों की आस्था अनुकरणीय है। बड़ी पूजा का लाभ मदनलाल चिंतामणदास मालू, चौहटन, मदनलाल सगतमल मालू, बाड़मेर, गौतमचंद बाबूलाल संखलेचा, बाड़मेर, धनराज लाधूराम पारख, हरसाणी, एवं हुकमीचंद नगराज भंसाली, चेलक परिवार ने लिया।