आरपीएससी की एसआई/प्लाटून कमांडर पुनर्परीक्षा 20 सितंबर को प्रदेश के 11 जिलों में होगी। परीक्षा में डमी अभ्यर्थी रोकने के लिए इस बार पहचान सत्यापन की बहुस्तरीय व्यवस्था की गई है। केंद्रों पर अभ्यर्थियों के चेहरे का फेस रिकग्निशन, थंब इंप्रेशन और बायोमैट्रिक ऑथेंटिकेशन से मिलान किया जाएगा। प्रवेश के दौरान एचएचएमडी से जांच भी होगी। मेटा ग्लासेस, ब्लूटूथ डिवाइस सहित हाईटेक उपकरणों पर विशेष नजर रहेगी। मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण परीक्षा केंद्र में प्रतिबंधित रहेंगे। परीक्षा केंद्रों पर पुलिस और प्रशासन की निगरानी के साथ वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। पूर्व में डिबार किए गए अभ्यर्थियों पर एसओजी और एटीएस विशेष निगरानी रखेंगे। किसी भी अनुचित गतिविधि, फर्जीवाड़े या डमी अभ्यर्थी बैठाने के प्रयास पर राजस्थान सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम-2022 के तहत कार्रवाई की जाएगी। आयोग अध्यक्ष ले. कर्नल केसरी सिंह ने अधिकारियों को परीक्षा की गोपनीयता और शुचिता बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।