गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के भांजे और सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड के आरोपी सचिन थापन ने अजमेर की हाई सिक्योरिटी जेल में बंद दो दिन से भूख हड़ताल कर रखी है। भूख हड़ताल के चलते बुधवार को आरोपी सचिन की तबीयत बिगड़ने पर जेल प्रशासन उसे सुरक्षा के बीच जेएलएन अस्पताल लेकर पहुंचा। थापन के अस्पताल पहुंचते ही इमरजेंसी को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया। हथियारबंद जवानों की मौजूदगी में डॉक्टरों ने सचिन का मेडिकल परीक्षण किया। इलाज के बाद उसे कड़ी सुरक्षा में वापस हाई सिक्योरिटी जेल शिफ्ट कर दिया गया। बैरक में साथ रखने की मांग, जेल प्रशासन ने बताया अवैध जेल अधीक्षक पारस जांगिड़ के अनुसार- सचिन थापन के दो साथी भी हाई सिक्योरिटी जेल में बंद हैं। दोनों ने पिछले दिनों अपनी बैरक के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए थे। मामले में जेल प्रशासन की ओर से दोनों के खिलाफ सिविल लाइंस थाने में मुकदमा भी दर्ज करवाया गया है। अब सचिन थापन इन दोनों साथियों को अपने साथ रखने की मांग कर रहा है। जेल प्रशासन के मुताबिक- यह मांग नियमों के विपरीत है। मांग नहीं माने जाने पर थापन ने भूख हड़ताल शुरू कर दी। सचिन थापन मूसेवाला हत्याकांड का प्रमुख आरोपी सचिन थापन उर्फ सचिन बिश्नोई को लॉरेंस बिश्नोई का भांजा और सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में प्रमुख साजिशकर्ताओं में शामिल आरोपी है। पुलिस के अनुसार- मूसेवाला की हत्या से पहले थापन ने रेकी, हथियार और लॉजिस्टिक सपोर्ट में भूमिका निभाई थी। वह हत्या से करीब एक महीने पहले फर्जी पासपोर्ट के जरिए भारत से बाहर चला गया था और अजरबैजान पहुंचा था। दिल्ली पुलिस ने अगस्त 2023 में उसे अजरबैजान से भारत प्रत्यर्पित कराया था। NIA ने भी सचिन थापन को मूसेवाला हत्याकांड का प्रमुख आरोपी बताया है।