सागर में जहरीली शराब पीने से मरने वालों की संख्या 22 हो गई है। मृतकों में पिता-पुत्र भी शामिल हैं। 112 लोग बीमार हैं, जिन्हें सागर और भोपाल के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। मामले में शराब ठेकेदार समेत 30 लोगों पर FIR दर्ज की गई है। पुलिस ने 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से 225.12 लीटर अवैध देशी शराब जब्त की है। मामले में प्रशासनिक कार्रवाई भी की गई है। बंडा SDM आरती यादव को कलेक्ट्रेट कार्यालय सागर में पदस्थ कर दिया गया है। उनकी जगह डिप्टी कलेक्टर संजय कुमार जैन को बंडा SDM का प्रभार दिया गया है। जैन के पास शाहगढ़ का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा। 14 आरोपी गिरफ्तार, 225 लीटर शराब जब्त बंडा और विनायका थाना पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कुल 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 1249 पाव यानी 225.12 लीटर देशी लाल मसाला सागर गोल्ड कंपनी की शराब जब्त की गई है। बंडा पुलिस ने चार आरोपियों से 345 पाव यानी 62.4 लीटर शराब जब्त की। वहीं विनायका पुलिस ने 10 आरोपियों से 904 पाव यानी 162.72 लीटर शराब बरामद की। सभी गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया गया है। पुलिस शराब के निर्माण, बिक्री और सप्लाई नेटवर्क की जांच कर रही है। कलेक्टर बोलीं- 13 मौतों में शराब की पुष्टि कलेक्टर प्रतिभा पाल ने बताया कि अब तक 13 मौतों की पीएम रिपोर्ट में शराब की पुष्टि हुई है। कुछ अन्य मौतों में अलग-अलग कारण सामने आए हैं। पूरे मामले की जांच के लिए मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए गए हैं। इसमें घटनाक्रम, मौतों के कारण और जिम्मेदारों की भूमिका समेत सभी बिंदुओं की जांच होगी। उमंग सिंघार ने CM को पत्र लिखा नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सागर में जहरीली शराब से 22 से अधिक लोगों की मौत को गंभीर और दुखद बताते हुए मुख्यमंत्री को पत्र लिखा। उन्होंने मामले की उच्चस्तरीय जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। साथ ही संबंधित पुलिस और आबकारी विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की भूमिका की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई और प्रभावित क्षेत्रों समेत पूरे प्रदेश में अवैध शराब के खिलाफ विशेष अभियान चलाने की मांग की। सोमवार को 6 और मौतें सोमवार सुबह महेश रावत (55), श्याम बाई अहिरवार (50) और कृष्ण कुमार लोधी की मौत हुई। इससे पहले एयरलिफ्ट कर भोपाल लाए गए राम प्रसाद लोधी की रविवार देर रात मौत हुई थी। उनके पिता गोविंद लोधी की भी रविवार को मौत हो गई थी। रामप्रसाद का छोटा भाई भूरे लोधी सागर में भर्ती है। दोपहर में गूगरा खुर्द निवासी भगवान सिंह (35), खटोरा निवासी गोपाल आदिवासी (40) और मुड़ना पैरा निवासी देश कुमार लोधी की भी मौत हुई। परिजन बोले- शराब पीने के बाद बिगड़ी तबीयत जहरीली शराब से मरने वाले महेश के भतीजे श्रवण कुमार रावत ने बताया कि चाचा ने रविवार शाम शराब पी थी, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई। श्याम बाई के बेटे विट्ठल अहिरवार ने बताया कि मां ने गांव से किसी के जरिए शराब मंगवाकर पी थी। देर रात तबीयत बिगड़ने पर उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। FIR में शराब बनाने और सप्लाई का पूरा नेटवर्क बंडा थाने की FIR के अनुसार, गांव में अवैध शराब बेचने वालों का नेटवर्क है। 4 सितंबर को अनूप सिंह लोधी अपने भतीजे राजेंद्र लोधी के साथ जुझार लोधी की दुकान पर गया था। यहां उन्हें बरेठी के लाइसेंसी शराब ठेकेदार यशवंत सिंह, मनीष लोधी और बंडा निवासी आशीष साहू से जुड़ी शराब की सप्लाई के बारे में बताया गया। जुझार ने कथित तौर पर कहा कि नया सस्ता ब्रांड बाजार से 20 रुपए कम में मिलेगा। राजेंद्र ने शराब नकली या जहरीली होने की आशंका भी जताई थी। इसके बाद उसने 70 रुपए में एक क्वार्टर खरीदा और पी। रात में तबीयत बिगड़ने के बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों का दावा- ततरवारा से होती थी सप्लाई ग्रामीणों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि नौराज ग्राम पंचायत के ततरवारा गांव में लंबे समय से अवैध शराब बनाई जा रही है। यहां से आसपास के गांवों में शराब सप्लाई होने का दावा किया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि शराब के कारोबार में प्रभावशाली और आपराधिक प्रवृत्ति के लोग जुड़े हैं। डर के कारण वे खुलकर नाम लेने से बचते हैं। ग्रामीण बोले- ततरवारा गांव से होती थी शराब की सप्लाई नाम न छापने की शर्त पर ग्रामीणों ने बताया कि नौराज ग्राम पंचायत के ततरवारा गांव में लंबे समय से अवैध शराब बनाई जा रही है। यहां से आसपास के गांवों में शराब की सप्लाई होती है। ग्रामीणों के मुताबिक, शराब बनाने के काम में कई प्रभावशाली और आपराधिक प्रवृत्ति के लोग जुड़े हैं। उनकी दहशत के कारण ग्रामीण खुलकर नाम लेने से डरते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि स्थानीय पुलिस भी ततरवारा गांव में शराब के खिलाफ कार्रवाई करने से कतराती है। जीतू पटवारी का दावा- 50 से ज्यादा लोगों की मौत कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा- इस त्रासदी के कारण कई परिवारों में मातम छा गया है, जहां छोटे-छोटे बच्चों और बेटियों के सिर से पिता का साया उठ चुका है। पटवारी ने दावा कि जहरीली शराब से 50 से ज्यादा लोगों की मौत हुई है। पटवारी बोले- SP पर तत्काल FIR हो कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने SP अनुराग सुजानिया के पुराने रिकॉर्ड का हवाला देते हुए कहा कि मुरैना में हुई जहरीली शराब त्रासदी के दौरान भी वे SP थे। अब सागर में भी ऐसी घटना हुई है। पटवारी ने SP पर तत्काल FIR दर्ज कर उन्हें जेल भेजने की मांग की। कमलनाथ बोले- दवा से लेकर शराब तक सब जहरीला बिक रहा पूर्व सीएम कमलनाथ ने कहा- जहरीली शराब से 22 मौतें गंभीर है। जिन शराब ब्रांड पर पहले सवाल उठे थे, सरकार की जांच में उन्हें क्लीन चिट दे दी गई थी। छिंदवाड़ा में जहरीला कफ सिरप, इंदौर में जहरीला पानी और अब सागर में जहरीली शराब से मौतें बताती हैं कि प्रदेश में दवा से लेकर शराब तक सब कुछ जहरीला बिक रहा है। यह सब सरकार की मिलीभगत से हो रहा है। उमंग सिंघार बोले- जहरीली शराब का कनेक्शन यूपी नहीं, उज्जैन से नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सागर में जहरीली शराब से हुई मौतों को लेकर सरकार पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि शराब का नेटवर्क उत्तर प्रदेश नहीं, मध्यप्रदेश के उज्जैन से जुड़ा है। सिंघार ने दावा किया कि उज्जैन और धार में जहरीली शराब बनकर सागर पहुंच रही है। उन्होंने आबकारी विभाग और डिस्टलरी मालिकों के बीच मिलीभगत का भी आरोप लगाया। सिंघार ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से उज्जैन में शराब के नेटवर्क और इससे जुड़े लोगों की जांच कराने की मांग की। शराब में मेथेनॉल की मिलावट पाई गई बताया गया कि जहरीली शराब का स्रोत जांच का विषय है। शुरुआती जांच में पता चला है कि यह शराब बाहर से बनकर सप्लाई हुई थी। इसमें मेथेनॉल की मिलावट पाई गई है। मेथेनॉल एक तरह का जहरीला अल्कोहल मेथेनॉल का इस्तेमाल आमतौर पर औद्योगिक कामों में किया जाता है, जैसे सॉल्वेंट, ईंधन और कुछ केमिकल बनाने में। शराब में मेथेनॉल की मिलावट” का मतलब है कि शराब में ऐसा जहरीला केमिकल पाया गया, जिसे पीने के बाद लोगों की तबीयत बिगड़ सकती है और जान भी जा सकती है। ……………………………………… यह खबर भी पढ़ें… परिवार बोला- अपने बाल नोचे, पहचानना भूले, तड़प रहे थे सागर में जहरीली शराब पीने से अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें 3 की मौत शनिवार देर रात हुई थी। फिलहाल 109 मरीज अस्पतालों में भर्ती हैं। कई मरीजों के शरीर नीले पड़ गए हैं। पढ़ें पूरी खबर…