डूंगरपुर की सागवाड़ा पुलिस ने एक बुजुर्ग महिला से लूट के मामले में दो बदमाशों को गुजरात के मोडासा से गिरफ्तार किया है। लूटे गए सोने के जेवर बरामद हुए हैं। थानाधिकारी मनीष कुमार के अनुसार गामठवाड़ा की तुलसी बुनकर ने 17 सितंबर को शिकायत दर्ज कराई। दो युवकों ने बांसवाड़ा जाने का रास्ता पूछने के बहाने डराकर सूनी गली में ले जाकर उनके सोने के झुमके व कान चेन छीन लिए और जान से मारने की धमकी दी। डर से महिला ने तब किसी को नहीं बताया, पर बाद में बेटे जितेंद्र को बताकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। थानाधिकारी मनीष खोईवाल की टीम ने सीसीटीवी फुटेज व तकनीकी मदद से आरोपियों की लोकेशन मोडासा में पता की। छापेमारी कर गुजरात के शंकर और प्रकाश को सागवाड़ा थाने लाया गया। पूछताछ में उन्होंने लूट मान ली। जांच में सामने आया कि इन्होंने राजस्थान व गुजरात में कई लूट व ठगी की वारदातें की हैं।