डूंगरपुर जिले की सागवाड़ा नगरपालिका के 35 वार्डों के लिए शुक्रवार को 11 सितंबर को मतदान होगा। इसके लिए गुरुवार को मतदान दलों को आखिरी ट्रेनिंग के बाद रवाना किया गया। सागवाड़ा नगर पालिका में कुल 25,056 मतदाता हैं। ये मतदाता कल 35 वार्डों के 99 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला ईवीएम में कैद करेंगे। मतदान को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। शहर के श्री भोगीलाल पंड्या राजकीय महाविद्यालय मैदान में मतदान दलों की आखिरी ट्रेनिंग हुई। इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी देशलदान, उप जिला निर्वाचन अधिकारी प्रकाशचंद्र और सीईओ हनुमान प्रसाद मौजूद रहे। संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कलेक्टर देशलदान ने बताया कि सागवाड़ा नगरपालिका के 35 वार्डों में शुक्रवार को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। इसके लिए 35 मतदान दलों को रवाना किया गया है। संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। मतदान दलों को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी मतदान के निर्देश दिए गए हैं। इसके बाद मतदान दलों को उनके मतदान केंद्र के लिए रवाना किया गया। ये दल अपने केंद्र पर पहुंचकर सभी इंतजाम पूरे करेंगे। 14 वार्डों में त्रिकोणीय मुकाबला नगर निकाय चुनाव के दूसरे चरण में सागवाड़ा नगर पालिका के 35 वार्डों में 99 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला है। इसमें भाजपा और कांग्रेस के साथ ही बीएपी और निर्दलीय प्रत्याशी भी शामिल हैं। सागवाड़ा नगर पालिका में भाजपा और कांग्रेस दोनों ने 35-35 उम्मीदवार उतारे हैं। वहीं, 14 वार्डों में बीएपी के साथ त्रिकोणीय और 15 वार्डों में निर्दलीय उम्मीदवारों से मुकाबला होगा। कुल 25,056 मतदाताओं में 12,627 पुरुष, 12,427 महिला और 2 थर्ड जेंडर वोटर शामिल हैं, जो अपने शहर की सरकार चुनेंगे।