सलूंबर में चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर बुधवार को सलूंबर में इंडिया गठबंधन ने प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के निर्देश पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष परमानंद मेहता के नेतृत्व में कांग्रेस सहित इंडिया गठबंधन के कार्यकर्ता जिला कांग्रेस कार्यालय पर जुटे। संयुक्त प्रेस वार्ता के बाद कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विरोध जताया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां और पार्टी के झंडे लेकर केंद्र सरकार और चुनाव प्रक्रिया के खिलाफ नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने ‘वोट चोर’ सहित कई नारे लगाए। इसके बाद जिला कांग्रेस कार्यालय से गांधी चौक तक पैदल मार्च निकाला गया। कांग्रेस कार्यालय से गांधी चौक तक की नारेबाजी पैदल मार्च जिला कांग्रेस कार्यालय से रवाना होकर आशीर्वाद गार्डन, चुंगी नाका और बस स्टैंड होते हुए गांधी चौक पहुंचा। रास्तेभर कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए आगे बढ़े। गांधी चौक पहुंचने पर मार्च सभा में बदल गया। यहां कांग्रेस नेताओं ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव व्यवस्था की मांग की। सभा के बाद कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की। राष्ट्रगान के बाद चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उनके इस्तीफे की मांग को लेकर जोरदार नारे लगाए। जिलाध्यक्ष बोले- लोकतंत्र के लिए निष्पक्ष चुनाव जरूरी कांग्रेस जिलाध्यक्ष परमानंद मेहता ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए चुनाव प्रक्रिया का निष्पक्ष और पारदर्शी होना जरूरी है। मतदाता सूची और मतदान से जुड़े सवालों पर चुनाव आयोग को स्पष्ट जवाब देना चाहिए। इंडिया गठबंधन इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच अपनी आवाज उठाता रहेगा। उन्होंने कहा कि ऐसी किसी भी व्यवस्था को स्वीकार नहीं किया जाएगा, जिससे मतदाताओं के अधिकारों पर सवाल खड़े हों। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने का आह्वान किया। प्रेस वार्ता में चुनाव प्रक्रिया पर उठाए सवाल प्रदर्शन से पहले जिला कांग्रेस कार्यालय में इंडिया गठबंधन के घटक दलों की संयुक्त प्रेस वार्ता हुई। इसमें नेताओं ने चुनाव प्रक्रिया, मतदाता सूची और चुनाव आयोग की भूमिका को लेकर अपनी बात रखी। नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में जनता का मत सर्वोपरि है और चुनाव व्यवस्था को लेकर उठ रहे सवालों का पारदर्शी तरीके से समाधान होना चाहिए। यूथ कांग्रेस की नई टीम का किया सम्मान कार्यक्रम के दौरान सलूंबर जिला यूथ कांग्रेस के नवनिर्वाचित अध्यक्ष, विधानसभा अध्यक्ष, ब्लॉक अध्यक्ष, उपाध्यक्षों और पूरी कार्यकारिणी का अभिनंदन भी किया गया। कांग्रेस पदाधिकारियों ने नई टीम के सदस्यों को उपरणा पहनाकर सम्मानित किया और नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। नेताओं ने कहा कि संगठन में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। युवा कार्यकर्ता गांव-गांव तक पार्टी संगठन को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएंगे। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता हुए शामिल प्रदर्शन के दौरान जिला कांग्रेस कार्यालय से गांधी चौक तक राजनीतिक माहौल नजर आया। कार्यकर्ता हाथों में पार्टी के झंडे लेकर नारेबाजी करते हुए मार्च में शामिल हुए। गांधी चौक पर पुतला दहन के बाद कार्यक्रम का समापन हुआ। इस दौरान कांग्रेस सलूंबर जिलाध्यक्ष परमानंद मेहता, पूर्व विधायक बसंती देवी मीणा, भाकपा जिलाध्यक्ष शंकरलाल चौधरी, सलूंबर ब्लॉक अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह, झल्लारा ब्लॉक अध्यक्ष महेंद्र सिंह चौहान, सराड़ा ब्लॉक अध्यक्ष गणेश जी चौधरी, नगर अध्यक्ष सलूंबर सुनील सेवक सहित कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, यूथ कांग्रेस की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।