सलूम्बर नगर परिषद में सभापति पद को लेकर चल रही राजनीतिक गहमागहमी अब आखिरी दौर में है। 21 सितंबर को होने वाले चुनाव में भाजपा के कैलाश चंद्र गांधी और कांग्रेस के नरेश कुमार जैन आमने-सामने होंगे। मतदान और गिनती के बाद ही साफ होगा कि नगर परिषद की कमान किसके हाथ में जाएगी। भाजपा के पास बहुमत से एक वोट कम 25 सदस्यों वाली नगर परिषद में बहुमत के लिए 13 वोट चाहिए। 14 सितंबर को आए चुनाव नतीजों के मुताबिक, भाजपा के पास 12, कांग्रेस के पास 11, बीएपी के पास 1 और एक निर्दलीय पार्षद है। सभापति चुनाव में बहुमत का आंकड़ा 13 है। भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है, लेकिन उसे स्पष्ट बहुमत के लिए एक सीट कम है। वहीं, कांग्रेस को बहुमत के लिए दो और वोटों की जरूरत होगी। भाजपा उम्मीदवार कैलाश गांधी वार्ड 8 से पार्षद हैं, जबकि कांग्रेस ने वार्ड 2 के पार्षद नरेश कुमार जैन को मैदान में उतारा है। दोनों उम्मीदवारों के सामने अपने पक्ष में बहुमत जुटाने की चुनौती है। बीएपी और निर्दलीय पार्षदों की भूमिका को लेकर भी राजनीतिक चर्चाएं तेज हैं। सुरक्षा के लिए भारी पुलिस बल रहेगा तैनात सभापति चुनाव को लेकर पुलिस-प्रशासन अलर्ट पर है। उन्होंने कानून-व्यवस्था बनाए रखने और मतदान प्रक्रिया को ठीक से चलाने पर ध्यान दिया है। मतदान स्थल और उसके आसपास बेवजह की भीड़ और अव्यवस्था रोकने के लिए सुरक्षा पर कड़ी नजर रखी जाएगी। रिटर्निंग अधिकारी जगदीश चंद्र बामनिया ने बताया कि 21 सितंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक नगर परिषद भवन में वोट डाले जाएंगे। इसके बाद वोटों की गिनती होगी। नतीजे आने के साथ ही सलूम्बर नगर परिषद के अगले सभापति का नाम तय हो जाएगा।