सलूम्बर नगर परिषद में शहरी सरकार के लिए मतदान खत्म होने के बाद शुक्रवार देर रात कांग्रेस प्रत्याशियों की बाड़ेबंदी की गई। रात को सभी कांग्रेस प्रत्याशियों शहर के हेल्थ पॉइंट पर इकट्ठा किया गया। सामूहिक भोजन के बाद प्रत्याशियों को बस से अज्ञात जगह के लिए रवाना किया गया। इससे पहले कांग्रेस ने पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और प्रत्याशियों की एक बैठक हुई। कांग्रेस की इस बैठक में सभी 25 वार्डों के प्रत्याशियों से मतदान प्रतिशत, चुनावी स्थिति और जीत की संभावनाओं पर वार्डवार फीडबैक लिया गया। बैठक में पार्टी ने प्रत्याशियों के साथ ग्रुप लीडर भी तय किए हैं। ये लीडर पूरी प्रक्रिया के दौरान प्रत्याशियों के साथ रहेंगे। मतदान के बाद कांग्रेस की इस बाड़ेबंदी ने नगर परिषद चुनाव की राजनीतिक सरगर्मियों को और तेज कर दिया है।