किशोरियों को स्वास्थ्य, स्वच्छता और सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक स्कूल, सलूम्बर में जागरूकता कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम में छात्राओं को एनीमिया, मासिक धर्म स्वच्छता, प्रजनन स्वास्थ्य और आत्मरक्षा के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहते हुए आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया। ये कार्यक्रम अंतरराष्ट्रीय किशोर-किशोरियां स्वास्थ्य सप्ताह के तहत हुआ। खून की कमी और मासिक धर्म स्वच्छता की दी जानकारी कार्यक्रम में चिकित्सा विभाग की चिकित्सा अधिकारी डॉ. किरण मीना, डॉ. रिद्धि रोत और डॉ. प्रिया गमेती ने छात्राओं को एनीमिया, यौन एवं प्रजनन स्वास्थ्य, मासिक धर्म स्वच्छता और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने व्यक्तिगत स्वच्छता अपनाने, पौष्टिक आहार लेने और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को लेकर जागरूक रहने का संदेश दिया। कालिका पेट्रोलिंग टीम ने बताए सुरक्षा के उपाय पुलिस विभाग की कालिका पेट्रोलिंग टीम से कॉन्स्टेबल जया जैन और कॉन्स्टेबल रुकमणी ने छात्राओं को आत्मरक्षा के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में सतर्कता बरतने और अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहने की आवश्यकता पर जोर दिया। प्रतियोगिताओं में छात्राओं ने दिखाई प्रतिभा कार्यक्रम के दौरान पोस्टर, निबंध और मेहंदी प्रतियोगिताओं सहित विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया। स्वास्थ्य एवं जागरूकता विषय पर क्विज प्रतियोगिता भी हुई। विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया। महिला सुरक्षा और सरकारी योजनाओं की दी जानकारी महिला अधिकारिता विभाग की ओर से बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, लाडो प्रोत्साहन और शिक्षा सेतु योजना सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। इसके साथ ही वन स्टॉप सेंटर, महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्र और पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान केंद्र की कार्यप्रणाली तथा उपलब्ध सेवाओं के बारे में बताया गया। छात्राओं को जानकारी दी गई कि जरूरत पड़ने पर इन केंद्रों के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को सहायता, परामर्श और सुरक्षा संबंधी सेवाएं मिल सकती हैं। कार्यक्रम में स्कूल की प्रधानाचार्या मीना रोत, स्कूल स्टाफ, संबंधित विभागों के कर्मचारी तथा वन स्टॉप सेंटर, महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्र और पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान केंद्र के कार्मिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने, अपने अधिकारों को समझने और सुरक्षित रहने का संदेश दिया गया।