डॉ. सैयदना मोहम्मद बुरहानुद्दीन साहेब की 116वीं और डॉ. सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन साहेब की 83वीं वर्षगांठ पर रविवार को सलूंबर शहर में शिया दाऊदी बोहरा जमात की ओर से जुलूस निकाला गया। जुलूस में समाज के वरिष्ठजन, युवा और बच्चे बड़ी संख्या में शामिल हुए। घोड़े और बग्ग्यियां आकर्षण का केंद्र जुलूस की शुरुआत बोहरा वाड़ी स्थित नई सैफी मस्जिद से हुई। शोभायात्रा में 25 घोड़े, 2 बग्गियां, 2 बैंड और समाज का स्काउट बैंड विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। बैंड की धुनों के साथ जुलूस आगे बढ़ा तो समाज के बच्चे, युवा और वरिष्ठजन अनुशासित तरीके से इसमें शामिल रहे। प्रमुख मार्गों से गुजरा जुलूस नई सैफी मस्जिद से रवाना हुआ जुलूस तहसील कार्यालय, बस स्टैंड, गांधी चौक, होली चौक, आजाद मोहल्ला, नागदा बाजार और बोहरा वाड़ी होते हुए पुरानी पोस्ट की गली से वापस नई सैफी मस्जिद पहुंचा। शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए जुलूस का जगह-जगह लोगों ने स्वागत किया। बैंड की धुनें काफी देर तक शहर में गूंजती रहीं। आमिल साहेब की अगुवाई में समाजजनों ने लिया हिस्सा जुलूस सदर जनाब आमिल साहेब की अगुवाई में तथा अंजुमन-ए-बुरहानी जमात कमेटी के नेतृत्व में निकाला गया। इसमें बोहरा समाज के पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में वरिष्ठजन, युवा और बच्चे शामिल हुए। पूरे जुलूस के दौरान समाजजनों में उत्साह नजर आया और आयोजन में अनुशासन बनाए रखा गया।