सलूंबर में ‘विकसित भारत जन सेवा अभियान’ के तहत राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल थाणा सहित जिले की विभिन्न शिक्षण संस्थाओं में जागरूकता कार्यक्रम हुए। थाणा स्कूल में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में छात्रों, शिक्षकों और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग, आत्मनिर्भरता, पर्यावरण संरक्षण और देश के विकास में नागरिकों की भागीदारी का संदेश दिया गया। दीप प्रज्वलन से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था प्रधान धर्मेंद्र भाटी ने की। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि भारत को सशक्त और समृद्ध राष्ट्र बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। दैनिक जीवन में स्वदेशी वस्तुओं को प्राथमिकता देने के साथ विदेशी वस्तुओं पर निर्भरता कम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा- आर्थिक और वैचारिक रूप से आत्मनिर्भरता ही देश को विकास की दिशा में आगे ले जाने का मजबूत आधार है। छात्रों को भी देशहित में सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया। छात्रों ने निकाली जागरूकता रैली कार्यक्रम के बाद स्कूल परिसर से जागरूकता रैली निकाली गई। संस्था प्रधान धर्मेंद्र भाटी ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर छात्र-छात्राएं कस्बे के प्रमुख मार्गों, बाजारों और चौराहों से गुजरे। रैली के दौरान छात्रों ने “हर गरीब का कल्याण, विकसित भारत का निर्माण” और “हर नागरिक का योगदान, बनेगा विकसित भारत महान” जैसे नारों के जरिए लोगों को जागरूक किया। रैली के माध्यम से स्वदेशी उत्पादों को अपनाने, पर्यावरण संरक्षण और आत्मनिर्भरता का संदेश दिया गया। कई स्थानों पर स्थानीय लोगों ने रैली का स्वागत कर छात्रों का उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम के समापन पर संस्था प्रधान ने शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्रों का आभार जताया। साथ ही सभी को देशहित में निरंतर योगदान देने और विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प दिलाया।