रिश्वत प्रकरण में गिरफ्तार सांभरलेक थाने के थानाधिकारी एवं पुलिस निरीक्षक राममिलन मीणा के सरकारी क्वार्टर, जगतपुरा स्थित आवास और बैंक लॉकरों की तलाशी में ACB को बड़ी मात्रा में नकदी, सोने-चांदी के आभूषण और संपत्ति से जुड़े दस्तावेज मिले हैं। दो बैंक लॉकरों की तलाशी में करीब 5.25 किलोग्राम चांदी और 20 तोला सोने के आभूषण मिले हैं। बरामद चांदी की अनुमानित कीमत 12.50 लाख रुपए, जबकि सोने के आभूषणों की कीमत करीब 29 लाख रुपए आंकी गई है। ACB मुख्यालय के निर्देश पर 13 सितंबर को ACB जयपुर नगर-प्रथम इकाई ने राममिलन मीणा को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया था। ट्रैप कार्रवाई के बाद उसी दिन आरोपी के सांभरलेक थाना परिसर स्थित सरकारी क्वार्टर की खानातलाशी ली गई। यहां से 50 हजार रुपए नकद बरामद हुए। इसके अलावा आरोपी के नाम पंजीकृत ग्रैंड विटारा वाहन भी मिला। जगतपुरा में आरोपी के नाम मिला विला ACB टीम ने आरोपी के 63-ए, महादेव नगर, जगतपुरा, जयपुर स्थित आवास की भी खानातलाशी ली। तलाशी के दौरान सामने आया कि महादेव नगर स्थित विला आरोपी राममिलन मीणा के नाम है। जांच के दौरान आरोपी और उसके पिता के नाम से बैंक ऑफ इंडिया, एमआई रोड जयपुर और SBI, मंडावरी दौसा में संयुक्त बैंक लॉकर होने की जानकारी सामने आई। लॉकर खोले तो निकला सोना-चांदी ACB ने दोनों बैंक लॉकरों की नियमानुसार तलाशी ली। लॉकरों से करीब 5.25 किलो चांदी मिली, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 12.50 लाख रुपए बताई गई है। इसके साथ ही करीब 20 तोला सोने के आभूषण बरामद हुए, जिनकी अनुमानित कीमत 29 लाख रुपए आंकी गई है। संपत्ति के स्रोत की होगी जांच ACB अब बरामद नकदी, सोने-चांदी, वाहन, विला और अन्य संपत्तियों से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है। यह पता लगाया जाएगा कि इन संपत्तियों का स्रोत क्या है, स्वामित्व किसका है और इनका संबंध आरोपी की आय के ज्ञात स्रोतों से है या नहीं। पूरी कार्रवाई उप महानिरीक्षक पुलिस-द्वितीय, ACB ओमप्रकाश मीणा के सुपरविजन में और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भूपेन्द्र के नेतृत्व में की गई। ट्रैप कार्रवाई और इसके बाद की खानातलाशी पुलिस निरीक्षक मनोज कुमार शर्मा की टीम ने की। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे अनुसंधान और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई जारी है।