झालावाड़ में सुनेल तहसील के समिया गांव में ग्रामीणों ने पंचायत चुनाव के मतदान का बहिष्कार करने का ऐलान किया है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क, नाली और जलभराव जैसी मूलभूत समस्याओं का सालों से समाधान नहीं हुआ है, जिससे उन्हें काफी परेशानी हो रही है। स्थानीय निवासी सुरेश, प्रेमचंद और साबिर सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि समिया गांव में कनवाड़ा लघु सिंचाई परियोजना के डूब क्षेत्र से विस्थापित हुए लोगों के लिए एक कॉलोनी बनाई गई थी। ग्रामीणों का आरोप है कि साल 2016 से अब तक इस कॉलोनी में सड़क और नालियों का निर्माण नहीं कराया गया है। घरों में घुस जाता है बारिश का पानी इसके कारण बारिश के दौरान पानी की निकासी नहीं हो पाती है और बरसात का पानी घरों में घुस जाता है। इससे बारिश के समय हालात और खराब हो जाते हैं, जिससे परिवारों को काफी दिक्कतें उठानी पड़ती हैं। ग्रामीणों के अनुसार, उन्होंने समस्या के समाधान के लिए जिला कलेक्टर, एसडीएम और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों को कई बार ज्ञापन दिए हैं। जनसुनवाई शिविरों में भी यह समस्या उठाई गई, लेकिन इसके बावजूद सड़क और नाली निर्माण सहित जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि चुनाव के दौरान जनप्रतिनिधि और प्रत्याशी वोट मांगने गांव पहुंचते हैं, लेकिन चुनाव खत्म होने के बाद मूलभूत समस्याओं पर कोई ध्यान नहीं दिया जाता। इसी नाराजगी के चलते ग्रामीणों ने आगामी पंचायत चुनाव में मतदान का बहिष्कार करने का फैसला लिया है। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक सड़क, नाली और जल निकासी जैसी मूलभूत समस्याओं का समाधान नहीं किया जाता, तब तक वे मतदान से दूरी बनाए रखेंगे।