प्राकट्य स्थल सांवलिया मंदिर बागुंड भादसोड़ा पर हर साल की तरह इस साल भी 21 से 23 सितंबर तक तीन दिन का बड़ा मेला लगेगा। मेले की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। तीनों दिन धार्मिक, सांस्कृतिक और मनोरंजन के कार्यक्रम होंगे। उपाध्यक्ष बाबूलाल ओझा शंकर लाल जाट कोषाध्यक्ष अशोक अग्रवाल ने बताया कि मेले के पहले दिन मन्दिर प्रांगण में, 21 सितंबर को रात 9 बजे समृद्धि इवेंट्स लोक सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश करेगा। इसमें मयूर नृत्य, चरि नृत्य, घूमर नृत्य और तेजाजी महाराज की झांकियां शामिल होंगी। साथ ही शंकर भगवान, महाकाली, गणपति जी और कई दूसरी धार्मिक झांकियां व सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी होंगी। 22 सितंबर को सुबह 10 बजे सांवलिया सेठ की रथ यात्रा निकलेगी। इस दौरान ड्रोन से फूल बरसाए जाएंगे। जलकुंड में भगवान को स्नान कराने के बाद सभी राम रेवड़ियों को मंदिर में स्थापित किया जाएगा। रात 8 बजे जोगणिया म्यूजिकल ग्रुप बस्सी एक बड़ी भजन संध्या करेगा। इसमें कलाकार जगदीश वैष्णव, नरेश प्रजापत और प्रिया सोनी सांवलिया सेठ के भजन गाएंगे। 23 सितंबर को रात 9 बजे अखिल भारतीय कवि सम्मेलन होगा। इसका संचालन दीपक पारीक करेंगे। कवि बाबू बंजारा, सुनील व्यास, मुकेश मोलवा, सपना सोनी, कानू पंडित और मनीष सुखवाल समेत कई दूसरे कवि अपनी कविताएं पढ़ेंगे। इसी के साथ तीन दिन का यह मेला खत्म हो जाएगा।