सवाई माधोपुर शहर में बड़ा राजबाग मैदान के पास रविवार शाम एक फार्म हाउस में अजगर घुस आया। जंगल से निकलकर अजगर के फार्म हाउस में पहुंचने से हड़कंप मच गया। अजगर को देखकर आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। फार्म हाउस मालिक अनिकेत पारीक ने इसकी सूचना वन विभाग को दी। काम करते समय अचानक नजर पड़ी फार्म हाउस मालिक अनिकेत पारीक ने बताया - रविवार शाम करीब साढ़े 5 बजे वह फार्म हाउस पर काम कर रहे थे। इसी दौरान तिरपाल के पास उनकी नजर अजगर पर पड़ी। अचानक अजगर दिखाई देने से वह घबरा गए। उन्होंने इसकी सूचना आरओपीटी रेंजर अश्वनी प्रताप सिंह को दी। सूचना मिलते ही रणथंभौर टाइगर रिजर्व की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। 20 मिनट की मशक्कत के बाद पकड़ा रेस्क्यू टीम ने सावधानी बरतते हुए करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया। रेस्क्यू टीम प्रभारी जसकरण मीणा ने बताया कि अजगर करीब छह फीट लंबा था। रेस्क्यू के बाद उच्चाधिकारियों के निर्देश पर अजगर को सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया। अजगर के रेस्क्यू होने के बाद फार्म हाउस मालिक और आसपास के लोगों ने राहत की सांस ली।