सवाई माधोपुर के मलारना डूंगर थाना पुलिस ने मोबाइल चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से विभिन्न कंपनियों के 37 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 7 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर चोरी किए गए अन्य मोबाइलों और वारदातों में शामिल अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। करेल रोड से आरोपी को पकड़ा थानाधिकारी मांगेलाल यादव ने बताया- क्षेत्र में लगातार मोबाइल चोरी की शिकायतें मिलने के बाद पुलिस की ओर से CEIR पोर्टल के माध्यम से भी चोरी और गुम हुए मोबाइलों की तलाश की जा रही थी। इसी दौरान विशेष पुलिस टीम को सूचना मिली कि एक युवक चोरी किए गए मोबाइल आसपास के गांवों में बेच रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए फलसावटा निवासी साजिद खान (34) उर्फ टूटा को करेल रोड से पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में मोबाइल चोरी से जुड़े कई अहम तथ्य सामने आने की बात पुलिस ने कही है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने चोरी किए गए मोबाइल फोन में फोन-पे, गूगल-पे और पेटीएम जैसे डिजिटल पेमेंट एप के पिन बदलकर उनमें से रुपए निकालने की बात भी स्वीकार की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी से चोरी किए गए अन्य मोबाइलों तथा वारदातों में शामिल अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ की जा रही है। बरामद मोबाइलों के वास्तविक मालिकों की पहचान कर उन्हें सुपुर्द करने की कार्रवाई भी की जाएगी। इनपुट-दिलशान मलारना डूंगर।