सवाई माधोपुर जिले के मोबाइल और सिम विक्रेताओं ने सोमवार को SP के नाम एडिशनल एसपी को ज्ञापन सौंपा है। मोबाइल और सिम विक्रेताओं ने ज्ञापन में साइबर अपराध के मामलों में व्यापारियों के साथ अपराधियों जैसा व्यवहार नहीं करने की मांग की। सिम विक्रेता अमित जैन ने बताया कि वे सिम जारी करने से पहले निर्धारित सभी औपचारिकताओं की पालना करते हैं और ग्राहक का आवश्यक सत्यापन करने के बाद ही सिम उपलब्ध करवाते हैं। ज्ञापन में व्यापारियों ने बताया कि आधार कार्ड धारक की मौजूदगी में निर्धारित प्रक्रिया पूरी करने के बाद सिम जारी की जाती है। इसके साथ ही सिम जारी करने से संबंधित रिकॉर्ड भी सुरक्षित रखा जाता है। व्यापारियों का कहना है कि वे किसी आपराधिक प्रवृत्ति या संदिग्ध व्यक्ति को जानबूझकर सिम जारी नहीं करते हैं। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि किसी सिम के साइबर अपराध में इस्तेमाल होने की स्थिति में पुलिस जांच के जरिए कई बार सिम विक्रेताओं के साथ अपराधियों जैसा व्यवहार किया जाता है। इससे व्यापारियों को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान पुलिस को आवश्यक रिकॉर्ड उपलब्ध करवाने और हर संभव सहयोग के लिए व्यापारी तैयार रहते हैं। सिम बेचने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने की मांग व्यापारियों ने एसपी से मांग की है कि मोबाइल और सिम विक्रेताओं के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएं, ताकि सिम जारी करने की प्रक्रिया में किसी प्रकार की लापरवाही न हो। साथ ही साइबर अपराध की जांच के दौरान व्यापारियों से नियमानुसार और सम्मानजनक व्यवहार करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए जाएं।