सवाई माधोपुर जिले के 177 गांवों में आने वाले समय में पेयजल व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है। ईसरदा बांध से पानी लाकर गांवों तक पहुंचाने वाली ईसरदा-दौसा पेयजल परियोजना के तहत इन गांवों को पेयजल नेटवर्क से जोड़ा जाएगा। इनमें बौंली तहसील के 99, मलारना डूंगर के 61 और चौथ का बरवाड़ा के 17 गांव शामिल हैं। 260.62 करोड़ रुपए का वर्क ऑर्डर जारी इन गांवों तक ईसरदा बांध का उपचारित पानी पहुंचाने के लिए परियोजना के छठे पैकेज के तहत 260.62 करोड़ रुपए का वर्क ऑर्डर 6 सितंबर 2025 को जारी किया जा चुका है। परियोजना पूरी होने के बाद इन गांवों के लोगों को स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण पेयजल मिल सकेगा। 225 एमएलडी का फिल्टर प्लांट तैयार ईसरदा-दौसा पेयजल परियोजना के तहत ईसरदा बांध के इंटेक वेल से पानी 225 एमएलडी क्षमता वाले फिल्टर प्लांट तक पहुंचाया जा चुका है। फिल्टर प्लांट की टेस्टिंग और कमिशनिंग का काम चल रहा है। इसके साथ ही मुख्य ट्रांसमिशन पाइपलाइन और अलग-अलग जल संरचनाओं का निर्माण भी तेजी से किया जा रहा है। परियोजना के पहले पैकेज में ईसरदा इंटेक वेल से महुआ तक 341 किलोमीटर लंबी मुख्य ट्रांसमिशन पाइपलाइन प्रस्तावित है। इसमें से करीब 299 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है। ईसरदा और बगड़ी में स्वच्छ जलाशयों और फिल्टर प्लांट का निर्माण भी पूरा हो चुका है। नवंबर तक शहरी क्षेत्रों में पानी पहुंचाने का लक्ष्य परियोजना के तहत शहरी क्षेत्रों में नवंबर तक मुख्य पाइपलाइन के जरिए पेयजल पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरचनाओं का निर्माण पूरा होने के बाद चरणबद्ध तरीके से पेयजल कनेक्शन जोड़कर जलापूर्ति शुरू की जाएगी। ईसरदा परियोजना के तहत दौसा और सवाई माधोपुर सहित अलग-अलग क्षेत्रों के 1,256 गांवों और 6 कस्बों को पेयजल नेटवर्क से जोड़ने का प्रस्ताव है। इससे करीब 35 लाख लोगों को लाभ मिलने की उम्मीद है। सवाई माधोपुर के 177 गांवों के परियोजना से जुड़ने के बाद बौंली, मलारना डूंगर और चौथ का बरवाड़ा क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।