दिल्ली के ऐतिहासिक पुराना किला में आयोजित SCO सभ्यतागत संवाद मंच (SCO Civilizational Forum) में पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मलिक ने शिरकत की। इस दौरान उन्होंने मुगल शासक हुमायूं और शेरशाह सूरी का जिक्र करते हुए इतिहास की परतों पर अपनी बात रखी।

मुसादिक मलिक ने कहा कि पुराना किला खुद में इतिहास की कई कहानियों को समेटे हुए है। उन्होंने बताया कि इस किले की नींव हुमायूं ने रखी थी, जो मध्य एशिया के तैमूरी वंश से संबंधित थे। इसके बाद, अफगान शासक शेरशाह सूरी ने इसके निर्माण कार्य को आगे बढ़ाया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा, 'एक दीवार, दो प्रतिद्वंद्वी शासक और एक किला, जिसमें इतिहास की दो परतें मौजूद हैं।'

सभ्यताओं के बीच संवाद पर जोर

पाकिस्तानी मंत्री ने अपने भाषण में अलग-अलग संस्कृतियों और सभ्यताओं के बीच आपसी बातचीत के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि विविधताओं और अलग-अलग पहचानों के बीच संवाद बहुत जरूरी है, जिसके लिए विचारों का खुला आदान-प्रदान होना चाहिए।

भारत कर रहा है तीन दिवसीय सम्मेलन की मेजबानी

बता दें कि भारत 20 से 22 नवंबर तक पुराना किला में इस तीन दिवसीय SCO सभ्यतागत सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार शाम को इस आयोजन का उद्घाटन किया। इस सम्मेलन में पाकिस्तान सहित SCO के कई सदस्य देशों के प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं। 2025 के पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच बने तनावपूर्ण संबंधों के माहौल में पाकिस्तानी मंत्री का यह भारत दौरा काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

क्या है पुराना किला का इतिहास?

पुराना किला दिल्ली के प्राचीन शहर इंद्रप्रस्थ के स्थल पर स्थित है। इसका विशाल प्रवेश द्वार और दीवारें हुमायूं के शासनकाल के दौरान बनाई गई थीं। हुमायूं ने यहीं अपनी नई राजधानी 'दीनपनाह' की नींव रखी थी, जिसे बाद में शेरशाह सूरी ने आगे बढ़ाया और इसमें कई महत्वपूर्ण बदलाव किए।