नई दिल्ली में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के पहले 'सभ्यतागत संवाद मंच' (Civilizational Dialogue Forum) में पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मलिक ने अपनी बात रखते हुए दिल्ली के ऐतिहासिक पुराना किला का विशेष जिक्र किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि पुराना किला इतिहास की कई परतों को समेटे हुए है।

मुसादिक मलिक ने इस किले के निर्माण का संदर्भ देते हुए कहा कि इसकी नींव हुमायूं ने रखी थी, जो मध्य एशिया के तैमूरी वंश से संबंधित थे। इसके बाद, अफगान शासक शेरशाह सूरी ने इसके निर्माण कार्य को आगे बढ़ाया। उन्होंने कहा, 'एक दीवार, दो प्रतिद्वंद्वी, यानी दो शासक और एक किला, जिसमें इतिहास की दो परतें मौजूद हैं।'

SCO फोरम का महत्व

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार शाम दिल्ली के पुराना किला में इस तीन दिवसीय आयोजन का उद्घाटन किया। 20 से 22 नवंबर तक चलने वाले इस फोरम में पाकिस्तान समेत कई देशों के प्रतिनिधि शामिल हुए हैं। लंबे समय बाद पाकिस्तान के किसी मंत्री का भारत दौरा चर्चा का विषय बना हुआ है।

केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने पहले स्पष्ट किया था कि भारत ने इस मंच के लिए 25 देशों को निमंत्रण भेजा था, जिनमें चीन, ईरान, कजाकिस्तान, सऊदी अरब, तुर्किये और श्रीलंका जैसे देश शामिल हैं।

भारत का नजरिया

केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के अनुसार, भारत चाहता है कि SCO केवल राजनीतिक और आर्थिक सहयोग तक ही सीमित न रहे, बल्कि यह साझा सभ्यता और मानवीय मूल्यों पर चर्चा का एक प्रमुख मंच बने। उन्होंने कहा कि 1947 के विभाजन के बावजूद दोनों देशों की साझा विरासत में कोई अंतर नहीं है।

इस फोरम का प्रस्ताव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2025 में तियानजिन में हुए SCO शिखर सम्मेलन के दौरान रखा था, जिसका बिश्केक घोषणा पत्र में भी स्वागत किया गया था। इस कार्यक्रम में विभिन्न देशों के विद्वान, शिक्षाविद और सांस्कृतिक प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं।