केसूली स्थित चारभुजा बगेची में महामंडलेश्वर करुणाकरण दास महाराज के पावन सान्निध्य में राजस्थान राज्य भारत स्काउट और गाइड (स्थानीय संघ सादड़ी) का पांच दिवसीय देसूरी ब्लॉक स्तरीय स्काउट-गाइड रैली व प्रशिक्षण शिविर रविवार को संपन्न हुआ। प्रभारी सहायक जिला कमिश्नर (स्थानीय संघ सादड़ी) छगनलाल भाटी ने मुख्य अतिथि संत करुणाकरण दास महाराज का साफा व माल्यार्पण कर बहुमान किया। जंगल के पौधे की तरह आपदाओं को सहने की क्षमता देता है स्काउटिंग सहायक जिला कमिश्नर (प्रशिक्षण) एवं सिंदरली प्रधानाचार्य प्रकाश परमार ने बताया कि आयोजित द्वितीय व तृतीय सोपान प्रशिक्षण, जांच शिविर, निपुण रोवर-रेंजर शिविर तथा संघ स्तरीय रैली में 175 स्काउट्स और 27 गाइड-रोवर्स ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि "सेवा एवं संयम का दूसरा नाम ही स्काउटिंग है। स्काउटिंग जंगल में उगने वाले उस मजबूत पौधे की भांति है, जो हर प्राकृतिक आपदा को सहन करने की ताकत रखता है, जबकि गमले का पौधा विपरीत परिस्थितियों को झेल नहीं पाता।' भामाशाहों व सहयोगियों का जताया आभार : कार्यकारिणी सभाध्यक्ष उम्मेदराम पालीवाल एवं कमिश्नर गाइड स्नेहलता गोस्वामी ने रैली को सफल बनाने वाले भामाशाहों व सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। इस दौरान आश्रम परिवार की ओर से निर्मलापुरी गोस्वामी, पुरुषोत्तम पुरी गोस्वामी, महेंद्रसिंह गहलोत, रमेश कुमार सोलंकी, नारायण लाल, मेघाराम परिहार, कर्माराम, लक्ष्मण लाल, जगाराम देवासी, ओमप्रकाश चारण, राजेंद्र कुमार (केसूली), अरविंद सिंह राणावत (प्रधानाचार्य नारलाई), रामलखन मीणा व वर्षा मीणा का बहुमान किया गया। कैंप फायर और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने जमाया रंग : रैली के दौरान आयोजित कैंप फायर में स्काउट्स व गाइड्स ने पोस्टर प्रतियोगिता, विचित्र वेशभूषा, राजस्थानी नृत्य, मारवाड़ी लोकगीत, नाटक, रंगोली, मार्च पास्ट, वाद-विवाद तथा प्राथमिक सहायता प्रदर्शन की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।