सलंबूर में सड़क किनारे खडे़ ट्रैक्टर-ट्रॉली से बाइक भिड़ गई। इसमें बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरा गंभीर घायल हो गया। बाइक की तेज रफ्तार के कारण अनियंत्रित होने से यह हादसा हुआ। सलंबूर के सेमारी थाना क्षेत्र में भीमसागर तालाब स्थित ऋषभदेव रोड पर मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे यह हादसा हुआ। पुलिस के अनुसार- टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक चला रहे युवक सुरेंद्र (25) पिता कमजी मीणा का चेहरा बुरी तरह बिखर गया। इससे पहचानना मुश्किल हो गया। घायल युवक जितेंद्र कुमार(19) पिता हीरा मीणा को सेमारी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। जहां प्राथमिक इलाज के बाद एमबी हॉस्पिटल के लिए रेफर कर दिया। अहमदाबाद में करते मजदूरी, एक दिन पहले आए थे गांव जानकारी के अनुसार- बाइक सवार दोनों युवक चचेरे भाई हैं। वे अहमदाबाद में मजदूरी करते हैं। दोनों एक दिन पहले ही अहमदाबाद से घर आए थे। वे अपने गांव सदकड़ी से सेमारी की ओर किसी काम से जा रहे थे। तभी ऋषभदेव रोड पर तेज रफ्तार बाइक अचानक अनियंत्रित हुई और सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर ट्रॉली में पीछे से जा घुसी। घटना के बाद लोगों को भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को एंबुलेस से सेमारी हॉस्पिटल पहुंचाया। पुलिस ने मृतक का शव मॉर्च्युरी में रखवाते हुए परिजनों को सूचना दी। इनपुट: यशवंत पंवार, सेमारी