डूंगरपुर जिले के चौरासी क्षेत्र में शनिवार को सेवा संकल्प अभियान यात्रा का जोरदार स्वागत किया गया। गुजरात से राजस्थान में आते ही मांडली बॉर्डर पर कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के साथ रथ का स्वागत किया। इसके बाद रथ सीमलवाड़ा होते हुए महान संत गोविंद गुरु की जन्मस्थली बांसिया के धुनी मगरी धाम पहुंचा। यहां साधु-संतों की मौजूदगी में भजन-कीर्तन और विशेष हवन-पूजन हुआ, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ और लंबी उम्र की कामना की गई। गुजरात के वडनगर से वाराणसी तक निकाली जा रही यह रथ यात्रा जैसे ही डूंगरपुर जिले के चौरासी विधानसभा क्षेत्र में आई, माहौल भक्ति और उत्साह से भर गया। गुजरात-राजस्थान सीमा पर स्थित मांडली ग्राम पंचायत में गुजरात प्रदेश युवा मोर्चा के प्रदेश मंत्री श्रेयस पटेल के नेतृत्व में युवाओं की एक बड़ी बाइक रैली ने रथ का स्वागत किया और यात्रा में शामिल हुई। सीमलवाड़ा में फूलों की बारिश से स्वागत इसके बाद रथ यात्रा सीमलवाड़ा पहुंची, जहां स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं ने फूल बरसाकर स्वागत किया। इस दौरान वागड़ क्षेत्र का पारंपरिक आदिवासी 'गैर नृत्य' खास आकर्षण रहा। मांडली और सीमलवाड़ा के बाद यात्रा बांसिया स्थित धुनी मगरी धाम पहुंची। धाम में संत गिरवर गिरी महाराज, अजमल गिरी महाराज, नारायण गिरी और प्रेम गिरी महाराज की मौजूदगी में धार्मिक कार्यक्रम हुए। वैदिक मंत्रों के साथ हवन में आहुतियां दी गईं और पीएम नरेंद्र मोदी की लंबी उम्र के लिए प्रार्थना की गई। इस मौके पर आयोजकों ने चारों संतों का शॉल और माला पहनाकर सम्मान किया। कार्यक्रम के दौरान मंच से सेवा, स्वच्छता और नशामुक्ति जैसे सामाजिक मुद्दों पर खास जोर दिया गया। वक्ताओं ने युवाओं को नशामुक्त जीवन अपनाने और समाज के लिए आगे आने को कहा।