नवरात्रि के दौरान गरबा और डांडिया कार्यक्रमों में शामिल होने वाली महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए राजस्थान पुलिस प्रदेशभर में 'शक्ति सुरक्षा अभियान' चलाएगी। इसके साथ ही गरबा-डांडिया स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, छेड़छाड़ करने वालों पर कार्रवाई करने और महिलाओं को तत्काल पुलिस सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। कालिका पेट्रोलिंग तैनात अभियान के तहत संवेदनशील और अधिक भीड़भाड़ वाले आयोजन स्थलों पर कालिका पेट्रोलिंग टीमों के साथ महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। जरूरत के अनुसार सादे कपड़ों में महिला पुलिसकर्मियों को भी निगरानी के लिए लगाया जाएगा। महिलाओं के साथ छेड़छाड़ या दुर्व्यवहार करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए डिकॉय ऑपरेशन भी किए जाएंगे। हेल्प डेस्क पर मिलेगी पुलिस सहायता प्रमुख आयोजन स्थलों पर महिला हेल्प डेस्क स्थापित करने और महिला पुलिसकर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। महिलाओं की सहायता के लिए हेल्पलाइन, राजकॉप और अन्य पुलिस संपर्क माध्यमों की जानकारी वाले पोस्टर और QR कोड भी प्रदर्शित किए जाएंगे, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत सहायता ली जा सके। CCTV कैमरों से एंट्री गेट तक निगरानी बड़े गरबा-डांडिया आयोजनों से पहले पुलिस आयोजकों के साथ बैठक करेगी। आयोजकों को महिला सुरक्षा के लिए नियुक्त सिक्योरिटी वॉलंटियर्स की सूची पुलिस अधिकारियों को देनी होगी। आयोजन स्थलों पर उपलब्ध CCTV कैमरों और अन्य तकनीकी संसाधनों का प्रभावी इस्तेमाल किया जाएगा। प्रवेश द्वारों पर पहचान-पत्र और डिजिटल पास की जांच पर भी जोर रहेगा। पार्किंग से आयोजन स्थल तक नजर महिलाओं की सुरक्षा के लिए आयोजन स्थलों के प्रवेश और निकास द्वारों, पार्किंग क्षेत्रों और पार्किंग से कार्यक्रम स्थल तक आने-जाने वाले रास्तों पर निगरानी रखी जाएगी। इन स्थानों पर पर्याप्त रोशनी, पुलिस पेट्रोलिंग और जरूरत के अनुसार महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।