कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने हाल ही में दुनियाभर में चर्चा का केंद्र बने वीडियो गेम 'ग्रैंड थेफ्ट ऑटो-6' (GTA-6) खेलते हुए केंद्र सरकार पर राजनीतिक निशाना साधा है। रविवार को गेम खेलते हुए उन्होंने नोटबंदी की तुलना गेम से करते हुए इसे 'बिना ऑटो वाली एक बड़ी चोरी' बताया।
थरूर ने अपनी बात रखते हुए कहा कि GTA-6 का नया वर्जन आने में 13 साल का लंबा वक्त लग गया है। इस दौरान पूरी दुनिया के साथ-साथ भारत में भी काफी कुछ बदल गया है। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि आज के समय में भारत में अभिव्यक्ति की आजादी में कमी देखी जा रही है और लोग सरकार की आलोचना करने से डरते हैं।
दुनियाभर में GTA-6 का क्रेज क्यों?
GTA सीरीज दुनिया की सबसे लोकप्रिय वीडियो गेम सीरीज में से एक है। इसे अमेरिकी कंपनी रॉकस्टार गेम्स ने 1996-97 में शुरू किया था। यह एक ओपन-वर्ल्ड गेम है, जिसमें खिलाड़ी किसी काल्पनिक शहर में अपनी मर्जी से घूम सकता है। गेम के नए वर्जन 'वाइस सिटी' को मियामी शहर के आधार पर तैयार किया गया है।
रॉकस्टार गेम्स की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दिसंबर 2023 में जब इसका पहला ट्रेलर लॉन्च हुआ, तो 24 घंटे के भीतर इसे 9 करोड़ से ज्यादा बार देखा गया, जो कि एक गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड है।
भारी भरकम बजट और भारत में कीमत
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, GTA-6 को बनाने में 1 से 1.5 अरब डॉलर (करीब 9,300 से 14,000 करोड़ रुपये) का भारी बजट खर्च होने का अनुमान है। इस प्रोजेक्ट पर दुनिया भर के 12 स्टूडियो में 4,700 से ज्यादा डेवलपर्स और इंजीनियर्स ने करीब 10 सालों तक काम किया है।
भारत में इस गेम की कीमत की बात करें तो इसके स्टैंडर्ड एडिशन के लिए 5,999 रुपये और अल्टीमेट एडिशन के लिए 7,499 रुपये खर्च करने होंगे। यह गेम PlayStation 5 और Xbox Series X|S जैसे आधुनिक कंसोल पर ही चलेगा, यानी गेम के अलावा कंसोल पर भी अलग से बड़ा निवेश करना होगा।