कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने भारत और पाकिस्तान के बीच चल रहे तनाव और द्विपक्षीय बातचीत पर अपनी राय रखी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत और पाकिस्तान के बीच बातचीत तभी शुरू हो सकती है, जब पड़ोसी मुल्क अपनी जमीन पर सक्रिय आतंकवादी ढांचे को पूरी तरह से खत्म कर दे।
बातचीत के लिए 'बंदूक' वाली शर्त
थरूर ने कहा, 'जब किसी के सिर पर बंदूक तनी हो, तो कोई उससे बात नहीं करना चाहता। भारत भी ऐसी स्थिति में पाकिस्तान के साथ बातचीत नहीं करेगा।' उनका यह बयान पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मसूद मलिक के हालिया भारत दौरे के दौरान आया है। मलिक 20 से 22 नवंबर तक नई दिल्ली में आयोजित 'SCO सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम' में भाग लेने आए थे, जो पिछले तीन वर्षों में किसी पाकिस्तानी मंत्री की पहली भारत यात्रा है।
चीन और ऑपरेशन सिंदूर पर प्रतिक्रिया
ऑपरेशन सिंदूर के दौरान चीन द्वारा पाकिस्तान को दी गई सैन्य मदद की अमेरिकी पैनल रिपोर्ट पर भी थरूर ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि उस दौरान पाकिस्तानी कमांड और कंट्रोल सेंटरों में चीनी इंजीनियरों और अधिकारियों की मौजूदगी की खबरें सामने आई थीं। साथ ही, चीन द्वारा पाकिस्तान को रियल-टाइम सैटेलाइट इंटेलिजेंस उपलब्ध कराने की बात भी सेना के निवर्तमान उप प्रमुख के बयान से स्पष्ट हुई थी।
कॉरपोरेट टैक्स और बेरोजगारी पर चिंता
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा हाल ही में FICCI कार्यक्रम में कॉरपोरेट कंपनियों पर की गई टिप्पणी पर थरूर ने सहमति जताई। पीएम ने कहा था कि कंपनियां टैक्स कटौती का फायदा अपने पास रख रही हैं। इस पर थरूर ने कहा कि सरकार ने निवेश बढ़ाने और रोजगार पैदा करने की उम्मीद में कंपनियों को टैक्स में राहत दी थी, लेकिन कंपनियों ने अपनी जिम्मेदारी नहीं निभाई।
थरूर ने देश में रोजगार की खराब स्थिति पर चिंता जाहिर की। उन्होंने कहा कि आज के समय में नौकरी पाना बेहद मुश्किल हो गया है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि पहली बार ऐसी खबरें भी सामने आई हैं कि IIT से पढ़कर निकले छात्रों को भी प्लेसमेंट नहीं मिल पा रहा है, जो युवाओं के लिए चिंताजनक माहौल को दर्शाता है। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि वह कारोबार करने के नियमों को आसान बनाए और भ्रष्टाचार पर लगाम लगाकर अर्थव्यवस्था पर ज्यादा ध्यान केंद्रित करे।