शेरगढ़ विधायक बाबूसिंह राठौड़ ने गुरुवार को अपने क्षेत्र की कई ग्राम पंचायतों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने करोड़ों रुपये के विकास कार्यों का उद्घाटन और शिलान्यास किया। दिनभर चले कार्यक्रमों में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, बिजली और आम सुविधाओं से जुड़े कई कामों की शुरुआत की गई। कार्यक्रमों की शुरुआत कुई जोधा से हुई। यहां राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल में पानी की टंकी और प्याऊ का उद्घाटन किया गया। इसके अलावा, पालीवालों का बास और तलिया कुई जोधा में नए नलकूप और अम्बेडकर छात्रावास परिसर में सीसी ब्लॉक खरंजा बनाने का काम भी शुरू हुआ। आगोलाई में ग्राम सेवा सहकारी समिति के नए गोदाम और पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल में अतिरिक्त क्लासरूम का उद्घाटन किया गया। गाजनावास में विधायक ने नए बने उप स्वास्थ्य केंद्र भवन का उद्घाटन किया। इससे गांव वालों को अपने गांव में ही स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। विधायक ने केंद्र के लिए जमीन दान करने वाले गंगासिंह चम्पावत के बेटों का शुक्रिया अदा किया। उटाम्बर में वाचनालय, आम शौचालय और श्मशान घाट में सीसी ब्लॉक खरंजा व गेट, पौधारोपण और स्कूल के मुख्य द्वार व चारदीवारी बनाने के कामों का उद्घाटन किया गया। खुडियाला से चिड़वाई वाया सतीजी का थान होते हुए सोरली ढाणियां तक 8 किलोमीटर डामर सड़क और 33/11 केवी जीएसएस सोरली नाड़ी का शिलान्यास भी किया गया। बिराई में राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल के लाइब्रेरी भवन का उद्घाटन हुआ। इस मौके पर विकास अधिकारी मूमल गहलोत, भाजपा मंडल अध्यक्ष ओमाराम चौधरी, भंवरसिंह इंदा, पूर्व मंडल अध्यक्ष मांगीलाल, पूर्व पंचायत समिति सदस्य ओमदान चारण सहित कई अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।