सिरोही में पिंडवाड़ा थाना क्षेत्र के शिवगढ़ गांव में एक युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, शिवगढ़ निवासी मोडाराम देवासी घर में अकेले थे। उन्होंने रसोई की छत से लगे हुक से फंदा लगाया और पास रखे सामान पर चढ़कर फांसी लगा ली। जब तक परिजन मौके पर पहुंचे, उनकी मौत हो चुकी थी। परिजनों की आवाज सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए। किसी ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की मदद से शव को नीचे उतरवाया और मॉर्च्युरी भिजवाया। मंगलवार को परिजनों की रिपोर्ट पर कार्रवाई करते हुए शव उन्हें सौंप दिया गया।