नाहरगढ़ अभयारण्य में फिल्म शूटिंग के लिए जमा कराई गई सिक्योरिटी राशि लौटाने के बदले घूस लेने का मामला सामने आया है। एसीबी ने गुरुवार को काला महादेव चौकी में तैनात वनपाल श्याम सिंह और वनरक्षक शिव किशोर को ₹50 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोप है कि मावठा पर हुई फिल्म शूटिंग की ₹80 हजार सिक्योरिटी लौटाने के बदले दोनों कमीशन मांग रहे थे। एसीबी एसपी पीयूष दीक्षित ने बताया कि परिवादी ने शिकायत दी थी कि शूटिंग खत्म होने के बावजूद उसकी सिक्योरिटी राशि नहीं लौटाई जा रही। एक फिल्म के ₹80 हजार सहित पिछली कुछ राशि भी बकाया है। आरोपियों ने शूटिंग के दौरान नुकसान दिखाकर सिक्योरिटी राशि समायोजित करने की धमकी भी दी। बुधवार को शिकायत का सत्यापन कराया गया तो रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। चाय की थड़ी पर ₹30 हजार लेते वनरक्षक दबोचा गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे वनरक्षक शिव किशोर ने परिवादी को जलमहल रोड स्थित चाय की थड़ी पर बुलाया। जैसे ही उसने ₹30 हजार लिए, एएसपी महावीर शर्मा की टीम ने उसे पकड़ लिया। वनपाल ₹20 हजार लेकर भागा; दीवार फांदते दबोचा इसके बाद वनपाल श्याम सिंह ने परिवादी को ₹20 हजार लेकर काला महादेव चौकी बुलाया। रुपए लेते ही उसे एसीबी टीम पर शक हुआ और वह चौकी से निकलकर जंगल की ओर भागा। टीम ने पीछा किया और दीवार फांदते हुए उसे पकड़ लिया। एसीबी की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि वनपाल श्याम सिंह परिवादी से पहले भी ₹15 हजार ले चुका था। बाद में उसे वनरक्षक के ज्यादा रकम मांगने की जानकारी मिली तो वह भी अतिरिक्त ₹20 हजार लेने पर अड़ गया।