श्रीडूंगरगढ़ में सड़क हादसे में घायल युवकों को अस्पताल ले जा रही एंबुलेंस रेलवे क्रॉसिंग बंद होने के कारण फंस गई। काफी मिन्नतों के बाद भी फाटक नहीं खुला तो क्रॉसिंग की दूसरी तरफ एक और एंबुलेंस बुलानी पड़ी। घायलों को स्ट्रेचर पर रखकर रेलवे क्रॉसिंग पार करवाया गया और दूसरी एंबुलेंस में शिफ्ट किया गया। इसमें करीब आधे घंटे का समय लगा। इसके बाद घायलों को बीकानेर के पीबीएम हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां उनकी जान बच गई और अब हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। हादसा सोमवार रात करीब 10:30 बजे सुजानगढ़ रोड पर (स्टेट हाईवे-6ए) धर्मास गांव के पास हुआ। नील गाय से टकराकर पलटी टेंट जीप जानकारी के अनुसार एक बोलेरो जीप में टेंट हाउस का सामान लेकर युवक वापस लौट रहे थे। सामने से आ रहे ट्रक की तेज लाइट के कारण जीप अनियंत्रित हो गई और सड़क पर आई नील गाय से टकरा गई। टक्कर के बाद जीप पलट गई और टेंट का सामान सड़क पर बिखर गया। हादसे में जीप में सवार रिड़ी निवासी रणजीत (20) पुत्र हनुमानराम, मनोज (30) पुत्र भंवरनाथ और इंदपालसर निवासी सुरेंद्र पुत्र विक्रम घायल हो गए। रेलवे क्रॉसिंग पर आधे घंटे तक फंसे घायल हादसे की जानकारी मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को लेकर श्रीडूंगरगढ़ की तरफ रवाना हुई। रेलवे क्रॉसिंग पर पहुंचने पर फाटक बंद मिला। क्रॉसिंग नहीं खुलने पर घायलों को जल्दी अस्पताल पहुंचाने के लिए दूसरी तरफ एक और एंबुलेंस बुलाने की व्यवस्था की गई। इसके बाद घायलों को स्ट्रेचर पर रखकर क्रॉसिंग पार करवाया गया और दूसरी तरफ खड़ी एंबुलेंस में शिफ्ट किया गया। इस दौरान करीब आधे घंटे का समय लगा और घायल दर्द से तड़पते रहे। भाजपा नेताओं ने मौके पर रुककर संभाला हादसे के दौरान इंदपालसर गांव में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह से श्रीडूंगरगढ़ लौट रहे भाजपा नेताओं ने घायलों को देखा। उन्होंने तुरंत मौके पर रुककर घायलों को संभाला। भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश कोषाध्यक्ष एवं श्रीडूंगरगढ़ नगरपालिका उपाध्यक्ष विनोद गिरी गुंसाई ने बताया कि उनके साथ पालिकाध्यक्ष नारायण कलाणी, भवानी तावणियां और चांद रतन घोटिया भी मौजूद थे। सभी ने घायलों को पिकअप में डालकर श्रीडूंगरगढ़ भेजा और एंबुलेंस को सूचना दी।