जयपुर के श्याम नगर थाना क्षेत्र में घर के बाहर खड़ी महिंद्रा थार से स्टेपनी टायर और अलॉय व्हील चोरी होने का मामला सामने आया है। वारदात मंगलवार तड़के करीब 3:30 बजे की बताई जा रही है। बदमाश स्टेपनी टायर सहित अलॉय व्हील निकालकर ले गए। इस दौरान उन्होंने थार के पीछे लगे हुड को भी तोड़ दिया। पीड़ित गौरव खुंटेटा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वारदात के समय करीब चार लोग स्विफ्ट कार से पहुंचे थे। इनमें से एक कार चला रहा था, जबकि एक बदमाश आगे की दाईं तरफ से उतरा और दो बदमाश पीछे की बाईं तरफ से नीचे उतरे। इसके बाद बदमाशों ने थार से स्टेपनी टायर और अलॉय व्हील निकालकर चोरी कर लिया। अब देखिए वारदात से जुड़ी ये 5 फोटोज… काली छत वाली सफेद स्विफ्ट से आए बदमाश पीड़ित के मुताबिक, आरोपी जिस स्विफ्ट कार से आए थे, उसका रंग सफेद था, जबकि कार की छत काले रंग की थी। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज में यह कार घर के बाहर रुकती दिखाई दे रही है। फुटेज में कार से उतरकर बदमाश थार से सामान निकालते हुए भी नजर आ रहे हैं। CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस पीड़ित ने श्याम नगर थाने में शिकायत देकर CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने, चोरी हुआ सामान बरामद करने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने पुलिस को जांच में पूरा सहयोग देने और जरूरत पड़ने पर CCTV फुटेज उपलब्ध कराने की बात कही है। श्याम नगर थानाधिकारी हरि सिंह ने बताया कि गौरव खुंटेटा की शिकायत पर टायर और अलॉय व्हील चोरी का मामला दर्ज कर लिया गया है। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं और उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।